सेवा, संवेदना और जनसहभागिता से साकार होगा स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित भारत: प्रो. कविता शाह
Siddharthnagar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु में गुरुवार को विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत विश्वविद्यालय में 100 टीबी मरीजों को शिक्षकों द्वारा गोद लेने के साथ पोषण पोटली वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनी कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। इसी क्रम में क्षेत्र के 100 टीबी मरीजों को विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने मिलकर गोद लिया है। शिक्षक मरीजों से निरंतर संपर्क रखते हुए उनके पोषण, उपचार के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं में सहयोग करेंगे।
कुलपति ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक द्वारा दो-दो टीबी मरीजों को गोद लेना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानवीय सेवा, सामाजिक संवेदना और जिम्मेदारी का उदाहरण है। टीबी मरीजों को केवल पोषण सामग्री उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके साथ निरंतर संवाद, नियमित उपचार के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि टीबी के उपचार में चिकित्सकीय परामर्श और नियमित दवाओं के साथ पर्याप्त एवं संतुलित पोषण भी महत्वपूर्ण है। मरीजों को दी जा रही पोषण पोटली उपचार के दौरान उनके पोषण में सहयोग करेगी। यह पोटली समाज की संवेदना और मरीज के प्रति अपनत्व का संदेश भी देती है।
कुलपति ने कहा कि स्वस्थ भारत ही समृद्ध भारत का आधार है और समृद्ध भारत से विकसित भारत@2047 का मार्ग प्रशस्त होगा। विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए विश्वविद्यालय, शिक्षक, विद्यार्थी और समाज के प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।

शिक्षक कक्षा के साथ समाज में भी निभाएं जिम्मेदारी
प्रो. कविता शाह ने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों का दायित्व केवल कक्षा संचालन, शोध और नवाचार तक सीमित नहीं है। शिक्षक समाज के महत्वपूर्ण बौद्धिक वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में सामाजिक चेतना, मानवीय संवेदना और सेवा भावना भी उनकी भूमिका का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने शिक्षकों से टीबी मरीजों के साथ निरंतर संपर्क रखते हुए उन्हें उपचार एवं पोषण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
विधायक श्यामधनी राही ने की अभियान में सहभागिता की अपील
कार्यक्रम में मौजूद कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत समाज सेवा, मानव कल्याण, जनजागरूकता और जनसहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय द्वारा टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित करने और उन्हें गोद लेकर सहयोग करने की पहल सामाजिक संवेदना और जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने लोगों से अपनी क्षमता के अनुसार सेवा कार्यों में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम संयोजक एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीता यादव ने स्वागत एवं विषय प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रति अपने दायित्व को समझना और जरूरतमंद लोगों के साथ संवेदनशीलता से खड़ा होना है।
स्वास्थ्य शिविर में हुए विभिन्न परीक्षण
अभियान के तहत विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। बीएमआई, रक्त संबंधी जांच सहित अन्य स्वास्थ्य परीक्षण कर लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य शिविर में डॉ. अरुण द्विवेदी, डॉ. ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. हरेंद्र शर्मा, अभय मिश्रा, डॉ. मयंक कुशवाहा सहित स्वास्थ्य टीम ने सहयोग किया।

कुलपति के नेतृत्व में चला स्वच्छता अभियान
राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में स्वच्छता अभियान भी आयोजित किया गया। इसमें कुलपति प्रो. कविता शाह के साथ शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कुलपति ने कहा कि स्वच्छता केवल परिसर को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिकता की संस्कृति का निर्माण करती है। कार्यक्रम में एनएसएस समन्वयक डॉ. देव बक्स सिंह एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. यशवंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी होगा आयोजित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिवार की ओर से दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की जाएगी। यशोधरा छात्रावास से महामाया द्वार तक दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
नशा मुक्ति की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। विश्वविद्यालय में इस अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. अश्वनी कुमार ने अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वास्थ्य टीम एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विश्वविद्यालय को समाज से और अधिक सक्रिय रूप से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है।
इस अवसर पर अधिष्ठाता वाणिज्य प्रो. सौरभ, अधिष्ठाता विज्ञान प्रो. प्रकृति राय, पूर्व अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. हरीश कुमार शर्मा, प्रो. सत्येंद्र कुमार दुबे, अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. जितेंद्र कुमार सिंह, डॉ. अखिलेश कुमार दीक्षित, डॉ. दिनेश प्रसाद, डॉ. सरिता सिंह, डॉ. अरविंद रावत, डॉ. कपिल गुप्ता, डॉ. मुन्नू खान, डॉ. जय सिंह यादव, प्रो. सुनीता त्रिपाठी, डॉ. विनीता रावत, डॉ. मनीष बाजपेयी, डॉ. विशाल गुप्ता, डॉ. रविकांत शुक्ला, डॉ. हृदयकांत पांडेय, डॉ. बिमलचंद वर्मा, डॉ. आशुतोष कुमार श्रीवास्तव, डॉ. आशुतोष कुमार वर्मा, डॉ. दीप्ति गिरी, डॉ. किरण एवं डॉ. अंकित श्रीवास्तव सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह ने किया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Bareilly News: ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

