महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में ‘आई लव मोहम्मद’ रंगोली पर बवाल, पुलिस ने भांजी लाठी, कई लोग हिरासत में
Sandesh Wahak Digital Desk: देश में चल रहा ‘आई लव मोहम्मद’ और ‘आई लव महादेव’ पोस्टर विवाद अब महाराष्ट्र के अहिल्यानगर (अहमदनगर) तक पहुंच गया है, जहां सड़क पर बनाई गई ‘आई लव मोहम्मद’ रंगोली को लेकर भारी बवाल हो गया। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा है और लगभग 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
रंगोली को माना गया पैगंबर का अपमान
पुलिस के अनुसार, कुछ अज्ञात लोगों ने सड़क पर ‘आई लव मोहम्मद’ की एक रंगोली या नाम लिखा। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इसे पैगंबर मोहम्मद का अपमान समझा और इसके विरोध में सैकड़ों की संख्या में लोग शहर की कोतवाली पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन करने के लिए जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इस कृत्य से उनकी धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं।
पुलिस कार्रवाई और हिरासत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए रंगोली बनाने वाले दो लोगों की पहचान की और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और आगे की जाँच की जा रही है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ में मौजूद कुछ अराजक तत्वों ने हंगामा जारी रखा। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को कुछ जगहों पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने अब तक 30 लोगों को हिरासत में लिया है।
फिलहाल, शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस बंदोबस्त लगाया गया है। पुलिस ने आमजन से किसी भी प्रकार की अफवाह पर भरोसा न करने की अपील की है, क्योंकि अब स्थिति नियंत्रण में है।
Also Read: लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर भीषण हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत

