शरीर पर चोट के निशान…उखड़े नाखून, लखनऊ हत्याकांड के मुख्य आरोपी का सीतापुर में मिला शव
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र के चर्चित कारोबारी हत्याकांड में फरार चल रहा कुख्यात स्नेचर संजय यादव रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाया गया है। सोमवार सुबह सीतापुर के सिधौली थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में उसका शव बरामद हुआ है। शव पर गंभीर चोटों के निशान और नाखून उखड़े पाए गए हैं, जिससे पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है।
क्या थी गुडंबा कारोबारी हत्याकांड की वारदात?
संजय यादव वही अपराधी था जिसने अपने एक साथी के साथ मिलकर बीते 20 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया था। लखनऊ के जानकीपुरम गार्डन निवासी कारोबारी अतुल जैन सुबह स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनकी सोने की चेन झपट ली। अतुल जैन ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन पीछे बैठे संजय यादव ने उनकी स्कूटी पर लात मार दी।
स्कूटी अनियंत्रित होकर एक खड़ी पिकअप से टकरा गई, जिससे अतुल जैन का सिर बुरी तरह चोटिल हुआ और उनकी मौत हो गई। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई थी, जिसने पूरे लखनऊ में सनसनी फैला दी थी।
फरार आरोपी की संदिग्ध मौत
वारदात के बाद पुलिस ने संजय यादव के ममेरे भाई को तो एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन संजय लगातार फरार चल रहा था। लखनऊ पुलिस की कई टीमें लगातार उसकी तलाश में थीं और उस पर ₹1 लाख का इनाम घोषित करने की तैयारी चल रही थी। संजय यादव के खिलाफ पहले से ही एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
सोमवार को सिधौली थाना क्षेत्र के नीलगांव के पास झाड़ियों में संजय यादव का शव मिला। सीतापुर एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि शव की पहचान बख्शी तालाब निवासी संजय यादव के रूप में हुई है। शव पर चोटों के निशान और उखड़े हुए नाखून हत्या की ओर इशारा करते हैं। शव के पास से एक बाइक भी बरामद हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार वालों ने भी इसे हत्या करार दिया है। कारोबारी हत्याकांड का यह मुख्य आरोपी अब अपनी ही मौत की गुत्थी छोड़कर गया है, जिसने मामले को और भी ज्यादा पेचीदा बना दिया है।
Also Read: लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर भीषण हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत

