हरदोई में धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय परिवार पर टूटा कहर, सड़क हादसे में पांच की दर्दनाक मौत
Hardoi News: जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे पांच लोगों की टक्कर में मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं, एक पुरुष और दो मासूम बच्चे शामिल हैं।
बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे
हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे सुरसा तिराहे के पास हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक और मैजिक वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे और किसी को भी बचाया नहीं जा सका।मृतकों की पहचान संतराम (30), उनकी पत्नी संगीत (28), संतराम की बहन मोहिनी (32), मोहिनी की दो वर्षीय बेटी गौरी और उनकी ननद का 9 माह का बेटा वासु के रूप में हुई है। बताया गया कि यह सभी बाबा मंदिर में मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई
इस हादसे से तीन जिलों—हरदोई, जौनपुर और कन्नौज—के रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। परिवारजन बदहवास हालत में एक-दूसरे का सहारा लेते नजर आए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। वहीं घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर मृतकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करने लगे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरस्पीडिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: Varanasi News: काशी में जल्द बनेगा आयुर्वेद का एम्स, होमियोपैथिक कॉलेज का हुआ शिलान्यास

