POCSO मामलों की मेडिकल जांच में सहयोग करें: डीएम महेंद्र सिंह तंवर

Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने POCSO एक्ट के मामलों में पीड़ित बालिकाओं की मेडिकल जाँच में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सही नतीजे समय पर मिलने से अगली कानूनी कार्रवाई में तेजी आ सकेगी।

डीएम तंवर, कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के अन्तर्गत जिला स्टीयरिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक केशव कुमार भी मौजूद रहे।

7 मामलों में से 6 को क्षतिपूर्ति

बैठक के दौरान समिति के समक्ष दहेज हत्या (304B) के 05 और POCSO एक्ट के 02 मामले, यानी कुल 07 मामले प्रस्तुत किए गए। समिति ने 304B के सभी 05 मामलों और POCSO एक्ट के 01 मामले में क्षतिपूर्ति (Compensation) प्रदान करने का निर्णय लिया। POCSO एक्ट का 01 मामला शासनादेश के मानकों के अनुपालन में अपात्र पाया गया। कुल 06 मामलों में FSL (फोरेंसिक साइंस लैब) रिपोर्ट प्राप्त न होने के कारण संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने निर्देश दिया कि POCSO मामलों में पीड़ितों की मेडिकल जाँच में सहयोग किया जाए, ताकि उनकी वास्तविक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके।

विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर

जिलाधिकारी ने मिशन वात्सल्य योजना के तहत बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, वन स्टॉप सेंटर, और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की।

डीएम ने निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया जाए। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को जिले में संचालित सभी योजनाओं की सही जानकारी मिले। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी, डिप्टी सीएमओ, वरिष्ठ कोषाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के सदस्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: Balrampur News: डीएम ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.