ट्रक-ट्रेलर की भीषण टक्कर, बिस्किट से लदा ट्रक बना आग का गोला, चालक की जलकर मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: जयपुर नेशनल हाईवे पर दूदू के पास मंगलवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया। एक ट्रक और ट्रेलर की भीषण टक्कर के बाद बिस्किट से भरा ट्रक आग का गोला बन गया। यह हादसा इतना दर्दनाक था कि ट्रक चालक कैबिन में फंसा रह गया और जलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि यह हादसा बेहद भयावह था। बिस्किट से भरा हुआ ट्रक डिवाइडर तोड़कर विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक में तुरंत आग लग गई और बिस्किट से लदा पूरा ट्रक धू-धू कर जल उठा। दुर्भाग्यवश, ट्रक चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह कैबिन में ही जिंदा जल गया। दूसरा ट्रेलर टाइल से भरा हुआ था।
पेट्रोल पंप के पास अफरा-तफरी
हादसे की जगह के पास ही पेट्रोल पंप होने के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दूदू मुख्यालय पर दमकल (फायर ब्रिगेड) की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। बाद में, पानी के टैंकरों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे इस हाईवे पर दमकल की सुविधा के लिए पहले भी कई बार प्रशासन को ज्ञापन दे चुके हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही दूदू एसएचओ मुकेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने क्रेन की मदद से ट्रक के कैबिन से चालक का जला हुआ शव बाहर निकलवाया। दुर्घटना के चलते जयपुर से अजमेर की ओर जाने वाले इस व्यस्त नेशनल हाईवे पर भारी जाम लग गया। पुलिस ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू करवाया।
Also Read: Kanpur News: ग्रीनपार्क में मैच के चलते आज कई रास्ते रहेंगे बंद, देखें कहां – कहां रहेगा डायवर्जन

