दीपावली से पहले यूपी के सभी जिलों में 10 दिन तक लगेगा स्वदेशी मेला

Sandesh Wahak Digital Desk: दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में ‘स्वदेशी मेला’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस विशेष पहल को मंजूरी दी है। मेले का आयोजन यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के बैनर तले होगा और प्रत्येक मेला लगभग 9-10 दिन तक चलेगा।

एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने बताया कि इस बार मेले केवल मंडलों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि हर जिले में आयोजित होंगे। मेले का मुख्य उद्देश्य ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा देना और कारीगरों, हस्तशिल्पियों तथा उद्यमियों को बड़ा मंच प्रदान करना है।

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

मेले में प्रत्येक जिले के खास स्थानीय उत्पादों को प्रमुखता दी जाएगी। प्रदर्शनी में हस्तशिल्प, ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट), GI टैग वाले उत्पाद और अन्य स्वदेशी वस्तुएँ प्रदर्शित होंगी। इससे उपभोक्ताओं को सीधे और उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सामान मिल सकेगा। मंत्री ने कहा कि इस पहल से कारीगरों और उद्यमियों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।

राज्य सरकार की योजना के तहत सभी जिलों में ‘यूनिटी मॉल’ स्थापित किए जाएंगे। इन मॉल में न केवल संबंधित जिले के उत्पाद उपलब्ध होंगे, बल्कि अन्य राज्यों के ODOP उत्पाद भी मिलेंगे। लखनऊ, वाराणसी और आगरा में केंद्र सरकार की फंडिंग से यूनिटी मॉल का काम शुरू हो चुका है।

‘वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगा बढ़ावा

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को और मजबूत करेगा। इससे स्वदेशी उत्पादों के प्रति उपभोक्ताओं की जागरूकता बढ़ेगी और देशी वस्तुओं का बाजार भी विस्तारित होगा।

डिजिटल और ऑफलाइन प्रचार का मिश्रण

इस बार स्वदेशी मेलों के प्रचार-प्रसार में डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया जाएगा। इससे देशभर के उपभोक्ता मेलों और यूनिटी मॉल के उत्पादों से जुड़ पाएंगे और ऑनलाइन खरीदारी भी कर सकेंगे।

अगले साल 25 से 29 सितंबर 2026 तक UPITS का चौथा चरण और भी भव्य पैमाने पर आयोजित होगा। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस बार जो कमियाँ दिखीं, उन्हें दूर कर अगला आयोजन और बेहतर बनाया जाएगा।

Also Read: ट्रक-ट्रेलर की भीषण टक्कर, बिस्किट से लदा ट्रक बना आग का गोला, चालक की जलकर मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.