Jaunpur News: निजी नर्सिंग होम में करंट से महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Jaunpur News: कोतवाली थाना क्षेत्र के नईगंज स्थित एक निजी नर्सिंग होम में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। इलाज कराने आई महिला की मौत अस्पताल परिसर में लगे वाटर कूलर से करंट लगने के कारण हो गई। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।

मृतका की पहचान गुड़िया गौड़ के रूप में हुई है, जो अपनी सास लालती का इलाज कराने ट्यूलिप हॉस्पिटल आई थी। जानकारी के मुताबिक, गुड़िया पानी भरने के लिए वाटर कूलर के पास गई थी, तभी करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वाटर कूलर में करंट आने की शिकायत

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के देवर संतोष गौड़ ने बताया कि वाटर कूलर में करंट आने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने इसे नजरअंदाज कर दिया। यही लापरवाही गुड़िया की मौत का कारण बनी।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद डॉक्टर भी समय पर बाहर नहीं आए और मौत की पुष्टि पुलिस के आने के बाद हुई। परिवार ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।

सीएमओ ने कहा- जांच होगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में बड़ी संख्या में निजी अस्पताल बिना मानक पूरे किए चल रहे हैं। यहां की लापरवाही के चलते आए दिन मरीजों की जान खतरे में पड़ती है। लोग इन्हें अस्पताल नहीं बल्कि “स्लॉटर हाउस” कहकर नाराजगी जता रहे हैं। वहीं, इस मामले पर सीएमओ ने बताया कि मीडिया से जानकारी मिलते ही जांच कमेटी गठित कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल को पहले भी बेसमेंट में संचालन को लेकर दो बार नोटिस दी गई थी और जियो टैगिंग फोटो भी जमा कराए गए थे। सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि फर्जी फोटो जमा करने के मामले की भी जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: SIR के तहत बिहार वोटर लिस्ट जारी, चुनाव तारीखों का ऐलान जल्द संभव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.