Lucknow News: सहारा शहर सील करने पहुंचे नगर निगम के अधिकारी, लेकिन इस वजह से होना पड़ा वापस
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के सहारा शहर (Sahara Shahar) में रहने वाले निवासियों को नगर निगम से बड़ी राहत मिली है। बुधवार को लखनऊ नगर निगम के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ परिसर को सील करने पहुंचे थे, लेकिन निवासियों और सहारा समूह के प्रतिनिधियों के अनुरोध पर कार्रवाई टाल दी गई है।
मानवीय आधार पर मिली 4 दिन की छूट
नगर निगम की टीम सहारा समूह पर जमीन की लीज खत्म होने और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के तहत सीलिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने पहुंची थी। निगम के अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल, ईटीएफ और पीएसी बल भी मौके पर मौजूद था।
जैसे ही नगर निगम की टीम सहारा शहर परिसर पहुंची, वहां पहले से मौजूद प्रतिनिधियों और निवासियों ने अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने तत्काल सीलिंग न करने का अनुरोध करते हुए कहा कि इतनी जल्दी निवासियों के लिए परिसर खाली करना संभव नहीं है और उन्हें जरूरी सामान निकालने के लिए कुछ समय दिया जाए। निवासियों की समस्याओं और मांग पर विचार करने के बाद, नगर निगम के अधिकारियों ने मानवीय आधार पर उन्हें 4 दिन का समय देने का बड़ा निर्णय लिया।
4 दिन बाद होगी कड़ी कार्रवाई
वरिष्ठ नगर निगम अधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निवासियों को अगले चार दिनों के भीतर हर हाल में परिसर खाली करना होगा। अधिकारी ने बताया, “हमें आज परिसर सील करना था, लेकिन निवासियों की ओर से मिले समय के अनुरोध को देखते हुए हमने 4 दिन का नोटिस दिया है। इस अवधि में लोगों को अपनी व्यवस्था कर लेनी होगी। तय समय के बाद ढील नहीं दी जाएगी और सील करने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।”
इस मोहलत के बाद निवासियों ने राहत की सांस ली है। अब देखना होगा कि चार दिन बाद जब नगर निगम की टीम दोबारा पहुंचेगी, तो क्या परिसर पूरी तरह से खाली मिलेगा, या उन्हें खाली करवाना पड़ेगा।
Also Read: UP STF ने आगरा से 4 करोड़ रुपये की चरस के साथ अंतर्राष्ट्रीय तस्कर को दबोचा

