सपा नेता पवन यादव की हत्या के बाद प्रयागराज हाईवे जाम, 4 आरोपी गिरफ्तार

Prayagraj News: प्रयागराज में सपा नेता पवन यादव की हत्या के बाद बुधवार शाम लोगों का गुस्सा भड़क गया। पोस्टमॉर्टम के बाद करीब 4 बजे शव घर पहुंचा तो सैकड़ों ग्रामीणों ने वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और हत्यारों को फांसी देने की मांग की।

हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी और सड़क किनारे लगे बोर्ड उखाड़ दिए। मौके पर करीब 200 पुलिसकर्मी, 10 एसीपी, 9 थानों की फोर्स और पांच गाड़ियां पीएसी तैनात हैं। परिजन डीएम को मौके पर बुलाने और लिखित आश्वासन की मांग कर रहे हैं। परिवार एक सदस्य को नौकरी और 2 करोड़ रुपये मुआवजा चाहता है।

मुठभेड़ में दो आरोपी घायल

पुलिस ने बुधवार दोपहर हंडिया के बरौत इलाके में हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला और निहाल से मुठभेड़ के बाद दोनों को पैर में गोली लगने पर गिरफ्तार किया। प्रधानपति समेत कुल चार आरोपी पकड़े गए हैं। घायल आरोपियों का इलाज हंडिया सीएचसी में चल रहा है।

पुलिस ने 42 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद कार्रवाई की। जांच के मुताबिक बाइक पर तीन लोग पहुंचे थे। निहाल बाइक चला रहा था, बृजेश बीच में और लल्ला पीछे बैठा था। लल्ला ने पवन को गोली मारी। वारदात में इस्तेमाल बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार हथियार 20 हजार रुपये में खरीदे गए थे। पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है।

कैफे के बाहर मारी गई गोली

पवन मंगलवार शाम हंडिया के कर्मनाशा मोहल्ले में कैफे से निकलकर कार में बैठ रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनकी पीठ में गोली मार दी। अस्पताल से एसआरएन ले जाते समय उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पवन पूर्व प्रधान और सपा जिला सचिव थे। सपा प्रवक्ता निधि यादव ने घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।

Also Read: दिशा सालियान केस पर आदित्य ठाकरे का जवाब, बोले- कभी मिला ही नहीं, बदनाम करने की साजिश 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.