एक्ट्रेस डिंपल हयाती पर नौकरानी से मारपीट और दुर्व्यवहार का गंभीर आरोप, केस दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: फिल्म जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अक्षय कुमार और धनुष के साथ ‘अतरंगी रे’ में काम कर चुकीं एक्ट्रेस डिंपल हयाती और उनके पति विक्टर डेविड के खिलाफ हैदराबाद के फिल्म नगर पुलिस स्टेशन में एक गंभीर शिकायत दर्ज की गई है। उनके दो नौकरों ने कपल पर दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया है।

ओडिशा के रायगढ़ जिले की 22 वर्षीय हाउस हेल्प प्रियंका बिबर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। प्रियंका का आरोप है कि डिंपल हयाती और उनके पति ने मिलकर उसका निर्वस्त्र वीडियो बनाने की कोशिश की और उसके साथ मारपीट भी की।

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रियंका ने आरोप लगाया है कि जब से उन्होंने बंजारा हिल्स स्थित वेस्टवुड अपार्टमेंट में काम करना शुरू किया है, तब से उन्हें लगातार अपमानित किया जा रहा है। प्रियंका ने कहा कि उन्हें पर्याप्त खाना नहीं दिया जाता और अच्छा बर्ताव नहीं किया जाता। कपल उनसे भरपूर काम कराता है और कुत्तों की तरह बर्ताव करता है। एक्ट्रेस डिंपल हयाती अक्सर उन पर तुम्हारी जिंदगी मेरे जूतों के बराबर भी नहीं है जैसी अपमानजनक टिप्पणी करती हैं और गालियाँ देती हैं।

मोबाइल तोड़ा और जान से मारने की धमकी

शिकायत में प्रियंका ने 29 सितंबर की घटना का जिक्र किया है। कहासुनी होने के बाद कपल ने प्रियंका के साथ बदसलूकी की और परिवार को जान से मारने तक की धमकी दे डाली। जब प्रियंका ने यह सब रिकॉर्ड करने के लिए मोबाइल निकाला, तो उसका फोन छीनकर तोड़ दिया गया। फिल्मनगर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने बताया कि तेलुगु अभिनेत्री डिंपल हयाती और उनके पति पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Also Read: UP: दशहरा-दीपावली पर राहत, एसी रोडवेज बसों में कम हुआ किराया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.