नवरात्रि-दशहरे पर मिलावटखोरों पर शिकंजा! कुशीनगर में 32 नमूने जांच के लिए भेजे गए

Sandesh Wahak Digital Desk: त्योहारी सीजन में आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिलें, यह सुनिश्चित करने के लिए कुशीनगर में मिलावट के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर, 18 से 30 सितंबर तक किराना स्टोर और मिठाई की दुकानों पर सघन छापेमारी की गई।

किन चीज़ों के लिए गए नमूने?

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश कुमार राय के नेतृत्व में चली इस जांच में कई तरह के खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए:

किराना स्टोर से: तिना का चावल, बकला की दाल, साबुदाना, गाय का घी, वेजिटेबल ऑयल, कुट्टू आटा, छुहारा और सूखे फल।

मिठाई की दुकानों से: पनीर, दही, खोवा, रसगुल्ला, लालमोहन, नमकीन और बूंदी लड्डू।

सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि पडरौना, कसया, हाटा और कप्तानगंज समेत विभिन्न क्षेत्रों की 35 दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और 32 नमूने जाँच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि जांच रिपोर्ट मिलते ही मिलावट पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्ट्रीट फूड वेंडर्स को भी किया गया जागरूक

जांच अभियान के साथ-साथ जागरूकता पर भी जोर दिया गया। नगर पालिका और नगर पंचायतों में आयोजित लोक कल्याण मेला के दौरान स्ट्रीट फूड वेंडर्स को स्वच्छता, हाईजीन और खाद्य संरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया।

इसके अलावा, रामकोला स्थित धर्मसमधा देवी मंदिर और कुबेरस्थान सहित विभिन्न मंदिरों और पंडालों के आस-पास के दुकानदारों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए गए। छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम बुझावन चौहान, कन्हैया लाल वर्मा और विजय कुमार यादव शामिल रहे।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: Kushinagar News: प्रेमिका के इनकार से नाराज प्रेमी टावर पर चढ़ा, 4 घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.