बरेली जा रहे सपा नेताओं को पुलिस ने सीमा पर रोका, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे हाउस अरेस्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली में 26 सितंबर को हुए उपद्रव और सांप्रदायिक हिंसा के बाद से ही हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। इस मामले में अब सियासत तेज हो गई है और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को बरेली जाने से रोक दिया गया है। पुलिस ने न सिर्फ दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर सपा सांसदों को सड़क पर रोका, बल्कि नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे को लखनऊ स्थित उनके घर में हाउस अरेस्ट कर लिया है।
सांसदों को दिल्ली बॉर्डर पर रोका, सड़कों पर बैठे
जिला मजिस्ट्रेट बरेली ने पुलिस आयुक्त लखनऊ और अन्य जिलों के कप्तानों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि बिना अनुमति कोई भी राजनीतिक प्रतिनिधि बरेली की सीमा में प्रवेश न करे। इस निर्देश के बाद, दिल्ली से बरेली जा रहे सपा के तीन सांसद हरेंद्र मलिक, इक़रा हसन और मोहिबुल्लाह नदवी को गाज़ीपुर बॉर्डर पर ही रोक दिया गया। रोके जाने के बाद तीनों सांसद सड़क पर बैठ गए और पुलिस उन्हें समझाने की कोशिश करती रही।

सपा नेताओं ने इस दौरान जमकर नारेबाजी की। सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा, जब भी हम कहीं जाते हैं, पुलिस हमें रोक देती है। आज सत्ता के दबाव में पुलिस काम कर रही है और जनप्रतिनिधियों को लोगों से मिलने से रोका जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष भी लखनऊ में रोके गए
लखनऊ में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे को भी उनके आवास पर पुलिस ने रोक दिया। उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। माता प्रसाद पांडे ने पत्रकारों से कहा, हमें जाने नहीं दें रहे हैं, बरेली में एक समुदाय डरा हुआ है। पुलिस कैसे कह सकती है कि मेरे जाने से वहाँ माहौल खराब हो जाएगा, पता नहीं। उन्होंने कहा कि इस बारे में अखिलेश जी को भी सूचित कर दिया गया है कि हमें बरेली जाने से रोका जा रहा है।

सम्भल सांसद जियाउर्रहमान बर्क को भी उनके आवास पर पुलिस निगरानी में रखा गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा, जिसके मद्देनजर सांसदों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

