Prayagraj News: तालाब की ज़मीन पर बनी मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन जारी रहेगा, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार
Prayagraj News: संभल जिले में तालाब की सरकारी ज़मीन पर बनी गौसुलबरा मस्जिद पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई अब जारी रहेगी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस कार्रवाई पर रोक लगाने से साफ इनकार कर दिया है और मस्जिद कमेटी की याचिका को खारिज कर दिया है। प्रशासन के अनुसार, यह मस्जिद संभल जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर असमोली क्षेत्र के राया बुजुर्ग गाँव में बनी हुई है।
प्रशासन ने इस अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई 2 अक्टूबर को शुरू की थी, जब डीएम-एसपी के नेतृत्व में टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुँची थी। पहले प्रशासन ने मस्जिद के ठीक बगल में बने मैरिज हॉल को ध्वस्त कर दिया था। जब मस्जिद पर बुलडोजर चलाने की बारी आई, तो स्थानीय लोगों ने डीएम से मस्जिद को खुद तोड़ने के लिए चार दिन की मोहलत माँगी थी। डीएम ने यह मोहलत दे दी थी।
मोहलत खत्म होने पर फिर चलेगा बुलडोजर
मोहल्लत मिलने के बाद, गुरुवार को स्थानीय लोगों ने मस्जिद की बाहरी दीवार को तोड़ना शुरू कर दिया था। हालांकि, यह काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। प्रशासन का कहना है कि लोग मस्जिद को तोड़ने में खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे में, आदेश के अनुसार चार दिन की मोहलत खत्म होने के बाद अब मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई फिर से शुरू हो सकती है और पूरी मस्जिद को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
Also Read: Chandauli News: टिन शेड के नीचे मिला पूर्व प्रधान का शव, पुलिस जांच में जुटी

