चुनाव आयोग की टीम का पटना में बड़ी बैठक, राजनीतिक दलों ने की छठ पर्व के बाद कम चरणों में मतदान कराने की मांग

Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने कमर कस ली है। शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में बिहार के सभी 12 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें चुनाव प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

जनतंत्र की आधारशिला हैं राजनीतिक दल

बैठक में CEC ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधु और विवेक जोशी सहित बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद गुंजियाल भी मौजूद रहे।

चुनाव आयोग ने सभी दलों से अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक दल जनतंत्र की आधारशिला हैं, इसलिए उन्हें पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया के हर पड़ाव पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। आयोग ने सौहार्द से चुनाव पर्व मनाने और मतदाताओं का सम्मान करने का आह्वान किया। साथ ही, आयोग ने हर बूथ पर पोलिंग एजेंट नामित करने की भी याद दिलाई।

दलों ने रखी अपनी मांगें

बैठक में भाजपा, कांग्रेस, जदयू, राजद, आम आदमी पार्टी समेत सभी 12 मान्यता प्राप्त दलों ने हिस्सा लिया।राजनीतिक दलों ने आयोग के सामने कुछ प्रमुख माँगे और सुझाव रखे।

छठ पर्व के बाद चुनाव: दलों ने बिहार के मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए छठ पर्व के तुरंत बाद चुनाव कराने की मांग की।

कम चरणों में मतदान: उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य में चुनाव कम से कम चरणों में संपन्न कराए जाएँ।

मतदाता सूची पर धन्यवाद: दलों ने मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए आयोग के ‘एसआईआर’ (SIR) जैसे पारदर्शी कदमों की सराहना की।

सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग पर अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त किया और स्वतंत्र, निष्पक्ष और पूर्णतः पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में सहयोग का भरोसा दिलाया। दलों ने पोस्टल वोटों की गिनती और फॉर्म 17सी संबंधी हाल ही में उठाए गए आयोग के नए कदमों की भी सराहना की।

Also Read: Varanasi News: बीएचयू के इंडो लैब में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने 1 घंटे में काबू पाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.