दशहरा उत्सव में धार्मिक मंच पर परोसी गई अश्लीलता, आयोजकों पर उठे सवाल
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में दशहरा उत्सव के दौरान एक आयोजन में अश्लील डांस की प्रस्तुति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वहीं धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के मंच पर इस तरह की घटनाओं को लेकर हिन्दू उत्सव समिति की जमकर आलोचना हो रही है। आयोजन में वहीँ मुख्य अतिथि के तौर पर विधायक रमाकांत भार्गव भी शामिल हुए थे और उन्होंने मंच से लोगों को संबोधित किया था।
रावण दहन के बाद डांस का दौर
जानकारी के मुताबिक, दशहरा मैदान में शाम 5 बजे से रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत हुई जो रात 3 बजे तक चला। यहां रात 8.30 बजे रावण दहन के बाद, हिंदू उत्सव समिति के मंच पर महिला डांसरों ने फिल्मी गानों पर अश्लील ठुमके लगाए।
जिसके बाद इस डांस की वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें मंच पर खुलेआम आपत्तिजनक डांस होते हुए देखा जा सकता है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने आयोजन समिति की कड़ी आलोचना की है।

समिति की सफाई
वहीं इस वीडियो पर विवाद बढ़ने पर हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष सतीश गुप्ता ने सफाई देते हुए कहा है कि, बीच में सिर्फ एक प्रस्तुति गड़बड़ हुई थी, जिसे बीच में ही रोक दिया गया। मंच पर अश्लील डांस कराने का हमारा कोई इरादा नहीं था।
हालांकि वीडियो और कार्यक्रम की पूरी समय-सीमा को देखते हुए यह सफाई लोगों को संतुष्ट नहीं कर पाई है। मंच से धार्मिक प्रस्तुतियों के तुरंत बाद इस तरह के डांस को लेकर नाराजगी और सवाल दोनों उठे हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने फोन से किया संबोधन
दशहरा उत्सव के दौरान रावण दहन से पहले भोपाल से आए श्री चंद्र माधव बारीक ग्रुप ने श्री हनुमान लीला की प्रस्तुति दी। इसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोबाइल के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया।
वहीं इस कार्यक्रम में बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत और नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता मालवीय ने भी अतिथि के रूप में मंच से भाषण दिए।
50 हजार में बुक किया गया था इवेंट ग्रुप
हिन्दू उत्सव समिति के अनुसार, जबलपुर के कलर्स म्युजिकल ग्रुप इवेंट को 50 हजार रुपए में बुक किया गया था। इस ग्रुप की महिला डांसरों ने देर रात तक फिल्मी गानों पर प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में मुंबई की संजीवनी बेलेन्दे ने भी प्रस्तुति दी, लेकिन विवाद उन डांस पर हुआ जो बाद में मंच पर हुए और जिन्हें सोशल मीडिया पर अश्लील करार दिया जा रहा है।
Also Read: अमेठी में दीपावली से पहले सुरक्षा कड़ी, तीन पटाखा विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द

