महिलाओं की सुरक्षा को मिशन शक्ति 5.0 ने नई पहचान दी, एंटी रोमियो स्क्वायड ने दिखाई मुस्तैदी

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश भर में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान सुनिश्चित करने हेतु मिशन शक्ति 5.0 अभियान लगातार जारी है। नवरात्र के पहले दिन इसकी शुरुआत की गई थी और पूरे प्रदेश में इस अभियान के प्रभाव को देखते हुए महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और जनसहभागिता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।

प्रदेश भर में कुल 53,237 निरोधात्मक कार्रवाई की गई

एंटी रोमियो स्क्वायड ने इस दौरान सार्वजनिक स्थानों, मंदिरों, बाजारों, मॉल, पार्क और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई। अभियान में कुल 1,08,292 मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों की जांच, 9,77,269 व्यक्तियों की निगरानी की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए 2,542 अभियोग पंजीकृत किए गए और 3,972 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, 3,13,924 लोगों को चेतावनी देकर सार्वजनिक अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी गई। प्रदेश भर में कुल 53,237 निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

इस अभियान में 37,337 अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहे, जिसमें 411 राजपत्रित अधिकारी, 7,999 निरीक्षक/उपनिरीक्षक, 22,547 आरक्षी और 6,380 होमगार्ड/पीआरडी/एसपीओ शामिल थे। उन्होंने निरंतर गश्त और निगरानी करके नवरात्रि एवं रामलीला पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाया।

अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा

सुरक्षा के साथ-साथ जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रदेश में 1,56,91,080 फोल्डर, पंफलेट और पेस्टिंग स्टीकर वितरित किए गए। अभियान के दौरान 39,911 मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर महिला चौपाल आयोजित की गई, जिसमें कुल 20,54,308 लोगों ने हिस्सा लिया। महिलाओं और पुरुषों ने बराबर सहभागिता दर्ज कराई, जिससे अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को मजबूत करना सफल रहा।

नोडल ऑफिसर एडीजी पद्मजा चौहान ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 न केवल सुरक्षा के लिए, बल्कि महिलाओं को निर्भीक और आत्मनिर्भर बनाने में भी मील का पत्थर साबित हुआ है।

Also Read: बरेली बवाल: फरार उपद्रवियों पर इनाम और कुर्की, पुलिस सख्त मोड में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.