Ghaziabad News: कैदी को जेल से भगाने की साजिश नाकाम, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार
Ghaziabad News: गाजियाबाद के डासना जेल से एक खतरनाक अपराधी को फरार कराने की साजिश को जेल अधीक्षक की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। मामला थाना कविनगर क्षेत्र का है, जहां दो सिपाहियों- सचिन और राजीव पर बंदी को भगाने की योजना में शामिल होने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पेशी के बहाने बंदी को भगाने की थी तैयारी
दरअसल गत 4 अक्टूबर को सिपाही सचिन और राजीव डासना जेल पहुंचे थे। जहां उनकी ड्यूटी हवालात बंदियों की पेशी पर थी। जेल में छह बंदी मौजूद थे, लेकिन दोनों सिपाही केवल एक बंदी बिजेंद्र उर्फ वंश को नोएडा पेशी पर ले जाने की जिद कर रहे थे। यहां उनकी यह जिद और व्यवहार देख जेल अधीक्षक को उनपर शक हो गया। जिसके बाद अधीक्षक ने तुरंत मामले की जांच करवाई, जिसके बाद चौंकाने वाले खुलासे हुए।

निजी गाड़ी से पहुंचे थे पुलिसकर्मी
जांच में सामने आया कि दोनों सिपाही बंदी को लेने सरकारी वाहन की जगह निजी गाड़ी से पहुंचे थे। इतना ही नहीं, जिस दिन की पेशी की बात कही जा रही थी, उस दिन गौतमबुद्ध नगर पुलिस लाइन में उनकी कोई आधिकारिक रवानगी दर्ज नहीं थी। इस पर जेल अधीक्षक ने पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी। जिसके बाद रिपोर्ट के आधार पर आरआई (रिजर्व इंस्पेक्टर) ने कविनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
दोनों सिपाही गिरफ्तार
वहीं इस मामले में दर्ज हुई FIR में सिपाही सचिन और राजीव पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने बंदी वंश को भगाने की साजिश रची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और विभागीय स्तर पर जांच शुरू हो गई है।

