गोरखपुर चिड़ियाघर में शेर ‘भरत’ की मौत, जून में मनाया गया था 5वां जन्मदिन
Gorakhpur News: शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान से एक दुखद खबर सामने आई है। इटावा लॉयन सफारी से लाए गए बब्बर शेर ‘भरत’ की रविवार शाम मौत हो गई। कुछ समय से वह बीमार चल रहा था। दोपहर में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान उसने अंतिम सांस ली।
दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना था
शेर भरत को मरियम की मौत के बाद खाली पड़े बाड़े में एक साल पहले लाया गया था। उसके साथ शेरनी ‘गौरी’ भी इटावा से गोरखपुर भेजी गई थी। जून 2024 में भरत ने अपना पांचवां जन्मदिन मनाया था, जिसके लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने मीट का विशेष केक तैयार करवाया था। उस समय चिड़ियाघर में उसका जन्मदिन बच्चों और दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना था।
चिड़ियाघर प्रशासन के मुताबिक, भरत की हालत बीते कुछ दिनों से खराब चल रही थी। रविवार को अचानक स्थिति बिगड़ गई, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन शाम तक उसने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
भरत की मौत के बाद चिड़ियाघर प्रशासन ने नियमों के तहत पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। अब गोरखपुर चिड़ियाघर में सिर्फ एक बब्बर शेर ‘पटौदी’ ही शेष रह गया है।
प्रदेश सरकार की पहल पर ही भरत और गौरी को गोरखपुर लाया गया था, ताकि चिड़ियाघर में शेरों की संख्या बढ़ाई जा सके। भरत की मौत से चिड़ियाघर प्रशासन और शहरवासी दोनों दुखी हैं।
Also Read: अयोध्या में दीपोत्सव की चमक दिखने लगी, घाटों पर दीयों की मार्किंग शुरू, 30 हजार स्वयंसेवक तैयार

