सड़क दुर्घटना में घायल पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकप्रिय पंजाबी गायक राजवीर जवंदा का लंबी जंग के बाद मंगलवार को निधन हो गया। 27 सितंबर को हुई एक गंभीर सड़क दुर्घटना के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ 11 दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद उन्होंने 35 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन से संगीत जगत और उनके लाखों फैंस में शोक की लहर फैल गई है।
बताया जा रहा है कि बीते 10 दिनों से उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। दुर्घटना के बाद राजवीर को तुरंत वेंटिलेटर पर रखा गया था। डॉक्टरों ने बताया था कि उनके नर्वस सिस्टम में गंभीर समस्या आ गई थी और उसमें कोई हरकत नहीं दिख रही थी। कई दिनों तक होश न आने और मस्तिष्क तक ऑक्सीजन न पहुँचने के कारण मेडिकल टीम काफी चिंतित थी। डॉक्टरों ने उन्हें स्थिर करने के लिए हर संभव प्रयास किए, लेकिन 35 साल की कम उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

दो सांडों की टक्कर से हुआ था हादसा
यह दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना 27 सितंबर को हुई थी, जब राजवीर जवंदा हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की ओर जा रहे थे। पिंजौर-नालागढ़ रोड पर अचानक दो सांड सड़क पर आकर आपस में टकरा गए। सांडों से टकराने से बचने की कोशिश में राजवीर अपनी बाइक पर संतुलन खो बैठे और उनकी बाइक सामने से आ रही एक बोलेरो गाड़ी से जा टकराई। इस अप्रत्याशित घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
Also Read: जयपुर-अजमेर हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराया टैंकर, 200 गैस सिलेंडरों में 2 घंटे तक होते रहे धमाके

