कोच गंभीर की डिनर पार्टी बस से पहुंची पूरी टीम, सिर्फ एक खिलाड़ी ने अपनी चमचमाती BMW से मारी एंट्री
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है।
इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने सोमवार रात दिल्ली स्थित अपने घर पर टीम के लिए खास डिनर पार्टी का आयोजन किया।
पुराने राजिंदर नगर इलाके में स्थित गंभीर के आलीशान घर पर यह गेट-टुगेदर हुआ, जिसमें भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी पहुंचे।
हालांकि, इस पार्टी में सबसे ज्यादा सुर्खियां उस खिलाड़ी ने बटोरी, जो टीम बस से नहीं बल्कि अपनी लग्जरी BMW कार से अकेले पहुंचा।

खुद कार ड्राइव करते पहुंचे हर्षित राणा
रात करीब 8 बजे जब टीम इंडिया की बस गंभीर के घर के बाहर पहुंची तो उसमें कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा समेत सभी खिलाड़ी मौजूद थे।
लेकिन थोड़ी ही देर बाद पहुंचीं एक काली BMW कार ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कार से बाहर उतरे युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा स्टाइलिश ऑल ब्लैक आउटफिट में नजर आए।
खुद स्टीयरिंग संभालकर पहुंचे हर्षित को देखकर फोटोग्राफर्स ने उनका खास स्वागत किया और मीडिया में उनकी एंट्री चर्चा का विषय बन गई।
टीम बस से क्यों नहीं आए हर्षित राणा?
हर्षित राणा भले ही टीम इंडिया के साथ दिखाई दे रहे हैं, लेकिन वे इस समय भारत-वेस्टइंडीज टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं। यही वजह है कि BCCI के प्रोटोकॉल के अनुसार वे टीम होटल में नहीं रुक सकते और न ही टीम बस में सफर कर सकते हैं।
इसके बावजूद उनके गंभीर के घर पर दिखने की वजह साफ है—गंभीर ने उन्हें पर्सनल इनविटेशन भेजा था। IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स के दौरान गंभीर के साथ काम कर चुके हर्षित उनके काफी करीब माने जाते हैं।
लगातार टीम के साथ रहने पर उठ रहे सवाल
हर्षित राणा कई सीरीज में टीम के साथ नजर आए हैं, हालांकि उन्हें लगातार मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इसे लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट्स भी सवाल उठाते रहे हैं। पूर्व सेलेक्टर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कुछ समय पहले चुटकी लेते हुए कहा था—
“टीम में चाहे जितने बदलाव हों, लेकिन एक खिलाड़ी फिक्स है – हर्षित राणा।”
फिर चर्चा में आई गंभीर और हर्षित की बॉन्डिंग
IPL में KKR की तरफ से खेलने वाले हर्षित राणा को गंभीर का पसंदीदा खिलाड़ी माना जाता है।
यही वजह है कि गंभीर के घर हुई इस खास डिनर पार्टी में उनकी मौजूदगी ने फिर से दोनों के खास रिश्ते को सुर्खियों में ला दिया है।
Also Read: शुभमन गिल को जबरदस्ती बनाया गया ODI कप्तान? पूर्व क्रिकेटर के दावे से मचा हड़कंप

