बुलंदशहर में ड्रग विभाग का बड़ी कारवाई, कफ सिरप के 25 सैंपल लिए गए

Bulandshahr News: मध्यप्रदेश और राजस्थान में कोल्ड्रिफ कफ सिरप के सेवन से 11 बच्चों की मौत के बाद यूपी के बुलंदशहर में ड्रग विभाग ने अलर्ट जारी कर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।

औषधि निरीक्षक अनिल कुमार आनंद के निर्देशन में गुलावठी, बुलंदशहर, खुर्जा, जहांगीराबाद, औरंगाबाद और सिकंदराबाद के मेडिकल स्टोर्स पर छापेमारी कर विभिन्न कंपनियों के 25 कफ सिरप के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हुआ सतर्क

मध्यप्रदेश और राजस्थान में हुई बच्चों की मौत के बाद यूपी स्वास्थ्य विभाग भी गंभीर हो गया है। इसी के मद्देनज़र बुलंदशहर के औषधि निरीक्षक ने बताया कि मेडिकल स्टोर्स पर प्रतिबंधित कफ सिरप की बिक्री और अन्य कफ सिरप में शामिल सामग्री की मात्रा की जांच के लिए अभियान चलाया गया है।

अब तक जिले के विभिन्न कस्बों में कुल 25 सैंपल लिए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक कोल्ड्रिफ कफ सिरप की बिक्री के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं।

सैंपल की जांच से ही मिलेगी पुष्टि

औषधि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि कहीं किसी दवा में हानिकारक या मिलावटी तत्व तो नहीं पाए गए।

यह कार्रवाई एहतियातन की जा रही है ताकि घटिया गुणवत्ता वाली दवाओं की बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा सके और लोगों के स्वास्थ्य को सुरक्षित बनाया जा सके।

ड्रग विभाग की सख्ती से दवा विक्रेताओं में हड़कंप

ड्रग कंट्रोल विभाग की इस सख्त कार्रवाई से जिले के दवा विक्रेताओं में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य को कोई खतरा न हो, इसके लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।

Also Read: साहित्य के नोबेल पुरस्कार 2025 की घोषणा, हंगरी के उपन्यासकार लास्जलो क्रास्जनाहोरकाई को मिला सम्मान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.