Lucknow News: CJI पर हमले के विरोध में आप का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, लखनऊ में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी
Lucknow News: सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) भूषण रामकृष्ण गवई पर कोर्ट परिसर के अंदर हुए हमले के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने यूपी प्रभारी सांसद संजय सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में ज़ोरदार प्रदर्शन किया।
इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ के स्वास्थ्य भवन चौराहे पर अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल की उपस्थिति और जिला अध्यक्ष इरम रिजवी के नेतृत्व में बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं ने सरकार की जनविरोधी नीतियों और इस हमले के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार कर इको गार्डन भेज दिया।

हमला बीजेपी की नफरत की राजनीति का नतीजा
अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने CJI पर हुए इस हमले को बीजेपी की नफरत की राजनीति का नतीजा बताया। उन्होंने CJI के गले में हांडी बाँधने के वीडियो पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह इस बात का सबूत है कि मोदी सरकार दलितों को पुराने युग में धकेलना चाहती है।
विनय पटेल ने मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने का प्रयास करने वाले शख्स को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही, CJI के ख़िलाफ़ सोशल मीडिया पर अपमानजनक वीडियो और टिप्पणियाँ करने वाली ट्रोल आर्मी पर भी सख्त कार्रवाई की माँग की गई।

संविधान और बाबासाहेब के सपनों पर हमला
मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने इस घटना को सिर्फ़ मुख्य न्यायाधीश पर हमला नहीं, बल्कि भारत के संविधान, बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों और भारत की आत्मा पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि जब सोशल मीडिया पर CJI के बारे में अमर्यादित टिप्पणी करने वाला अजीत भारती सार्वजनिक रूप से ‘सरकार भी हमारी, सिस्टम भी हमारा’ जैसे बयान देता है, और उसके बाद भाजपा का राष्ट्रीय प्रवक्ता उसे थाने से छुड़ाकर ले जाता है, तो यह स्पष्ट है कि इस नफ़रती कार्रवाई को मोदी सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है। वंशराज दुबे ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की निष्क्रियता दर्शाती है कि वह जानबूझकर देश में जातिगत भेदभाव और संवैधानिक पदों के अपमान को बढ़ावा दे रही है।
लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिजवी ने जोर देकर कहा कि देश के सर्वोच्च न्यायिक पद पर एक दलित के बेटे का बैठना बीजेपी और उसके नफ़रती तंत्र को बर्दाश्त नहीं हो रहा है, और यही कारण है कि इस जघन्य कृत्य और अपमान पर सरकार खामोश है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि CJI की माँ द्वारा आरएसएस के कार्यक्रम में जाने से मना करने के बाद एक साज़िश के तहत मुख्य न्यायाधीश पर यह हमला कराया गया। प्रदर्शन में अयोध्या प्रांत महासचिव अतुल सिंह, विधि प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष बीएन खरे सहित बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: Gorakhpur News: गोरखपुर में भाभी ने बहन संग मिलकर ननद को दांतों से काटा, पुलिस पर भी बरसाए थप्पड़

