Lucknow News: 50,000 का इनामी बदमाश सूरज लखनऊ से गिरफ्तार, STF को मिली बड़ी सफलता
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी STF (स्पेशल टास्क फोर्स) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद गोण्डा से ₹50,000 के पुरस्कार घोषित वांछित अपराधी सूरज को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी रविवार (12 अक्टूबर 2025) को इंद्रानगर थाना क्षेत्र में की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सूरज पुत्र झब्बू, निवासी ग्राम छतांगुर, थाना तम्बौर, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। उसे इंद्रानगर स्थित सिद्धि एंटरप्राइजेज के पास से सुबह करीब 10:10 बजे गिरफ्तार किया गया।
यौन अपराध और अपहरण का था आरोपी
सूरज थाना करनैलगंज, जनपद गोण्डा में पंजीकृत मुअसं 139/2025 में वांछित था। यह मुकदमा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत दर्ज किया गया था।
पूछताछ में हुआ खुलासा
एसटीएफ की पूछताछ में सूरज ने बताया कि वह लगभग तीन वर्षों से गन्ना कटाई के मौसम में गोण्डा के गद्दोपुर गांव आता था। मई 2025 में उसने उसी गांव की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर शादी का लालच दिया और उसे अपने घर सीतापुर ले गया। कुछ दिन बाद लड़की वापस अपने गांव लौट आई, जिसके बाद उसके खिलाफ गोण्डा के करनैलगंज थाने में अभियोग पंजीकृत हुआ। मुकदमा दर्ज होने के बाद सूरज भागकर राजस्थान चला गया और कुछ दिन वहाँ रहने के बाद लखनऊ में छिपकर रह रहा था।
आपराधिक इतिहास
STF ने बताया कि सूरज का आपराधिक इतिहास रहा है। इससे पहले भी उसके खिलाफ थाना तम्बौर, जनपद सीतापुर में मुअसं 235/2023 धारा 376 (बलात्कार) भादवि का अभियोग पंजीकृत हुआ था, जिसमें वह जेल जा चुका है।
एसटीएफ की टीम, जिसमें निरीक्षक आशुतोष कुमार त्रिपाठी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे, ने अभिसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए सूरज को दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
Also Read: बिहार चुनाव: RJD का दो-टूक बयान, इस फॉर्मूले पर होगा सीटों का बंटवारा; तेजस्वी ही CM चेहरा

