यूपी में कोडिन कफ सिरप के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, कई मेडिकल स्टोर सील

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में नकली और अवैध कोडिन कफ सिरप के गिरोह पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने रविवार को राज्य के कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। लखनऊ, रायबरेली और सीतापुर में 10 से अधिक स्थानों पर छापे मारे गए, जिसमें दो मेडिकल स्टोर को सील किया गया है।

दो फार्मा फर्मों में मिली अनियमितता

एफएसडीए के सहायक मंडल आयुक्त ब्रजेश यादव ने बताया कि 13 जिलों के ड्रग इंस्पेक्टरों को लखनऊ बुलाया गया और संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित इधिका लाइफ साइंसेज और अर्पिक फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के तीन स्थानों पर जांच के दौरान बड़ी अनियमितताएं मिलीं।

इन फर्मों के पास नॉरकोटिक्स औषधियों का भंडारण संतोषजनक नहीं था, और भारी मात्रा में कोडिन कफ सिरप की बिक्री में गड़बड़ी पाई गई। फर्मों के मालिक मनोहर जैसवाल गुजरात में रहते हैं और लखनऊ में उनका डिपो है, जिसके जरिये बड़े पैमाने पर कोडिन सिरप की आपूर्ति विभिन्न जिलों में की जा रही थी। टीम ने बिक्री से जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए हैं।

दो मेडिकल स्टोर सील, कई संचालक फरार

लखनऊ के अमीनाबाद ओल्ड मेडिसिन मार्केट स्थित श्री श्याम फार्मा जांच के दौरान बंद मिला, जिसे टीम ने सील कर दिया। इस स्टोर ने ट्रांसपोर्ट नगर की फर्म से बड़ी मात्रा में कफ सिरप खरीदा था।

सीतापुर जिले के नैमिष धाम मेडिकल स्टोर संचालक ने 2600 बोतल कोडिन कफ सिरप खरीदा था, लेकिन जांच के दौरान वह केवल एक हजार बोतल की बिक्री का हिसाब ही दे सका। इसके बाद टीम ने स्टोर को सील कर दिया और संबंधित थाने को सूचना दी।

छापेमारी की सूचना मिलते ही कई फर्म संचालक शटर बंद करके भाग गए। टीम ने उन्हें फोन करके कफ सिरप खरीद से जुड़े दस्तावेज जल्द उपलब्ध कराने को कहा है। एफएसडीए का कहना है कि यह अभियान अवैध कारोबार में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

Also Read: यूपी होमगार्ड भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव, अब ये लोग नहीं कर सकेंगे आवेदन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.