Lucknow News: बोरे में बंद मिला नग्न युवक का शव, हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। विक्रम नगर ओवरब्रिज के नीचे सब्जी मंडी के पास कूड़े के ढेर में बोरे में बंद एक युवक का नग्न शव बरामद हुआ। शव के गले में रस्सी बंधी हुई थी, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पारा थाने के प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जाँच शुरू की।

28-30 साल के युवक की नहीं हो पाई पहचान

प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि शव की हालत को देखकर यह मामला प्रथम दृष्टया हत्या का लग रहा है। मृतक की उम्र क़रीब 28-30 साल बताई जा रही है, लेकिन आस-पास के लोगों से पूछताछ के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो पाई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौक़े पर बुलाया, जिसने ज़रूरी साक्ष्य एकत्र किए।

एडीसीपी पश्चिम धनंजय कुशवाहा ने मौक़े पर पहुँचकर स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को क़ब्ज़े में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एडीसीपी ने कहा, बोरे में युवक का शव बरामद हुआ है। घटना के खुलासे के लिए टीमें लगाई गई हैं और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Also Read: सुप्रीम कोर्ट का दिवाली गिफ्ट: दिल्ली-एनसीआर में ग्रीन पटाखों पर लगी रोक हटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.