यूपी में ड्रग्स सिंडिकेट पर बड़ी चोट, लखीमपुर खीरी में 70 लाख रुपये के ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त, एक गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आयुक्त, FSDA के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में एक ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया गया है।
औषधि विभाग (लखनऊ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 70 लाख रुपये मूल्य की भारी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद की है। यह कार्रवाई एक अवैध गोदाम पर की गई, जिसे मेसर्स पीयूष मेडिकल एजेंसी के थोक और फुटकर दवा विक्रय लाइसेंस की आड़ में चलाया जा रहा था।
मेडिकल एजेंसी की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा
सहायक आयुक्त (औषधि), लखनऊ मंडल, बृजेश यादव के मार्गदर्शन में लखीमपुर खीरी की औषधि निरीक्षक बबिता रानी, सीतापुर की अनीता कुरील और हरदोई की स्वागतिका घोष के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर, टीम ने एजेंसी संचालक सरोज कुमार मिश्रा के आवास की तलाशी ली, जहाँ एक शटरयुक्त दुकान के भू-तल पर अवैध रूप से बनाए गए गोदाम का पता चला।
छापेमारी के दौरान, पुलिस टीम ने ट्रामाडोल कैप्सूल के चार अलग-अलग बैचों में कुल 37 बॉक्स (लगभग 6,31,629 कैप्सूल) बरामद किए। जब्त की गई दवाओं की अनुमानित अंतर्राष्ट्रीय कीमत लगभग 69,87,960 रुपये आंकी गई है। यह पूरा स्टॉक बिना किसी वैध लाइसेंस या रिकॉर्ड के रखा गया था।
आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
अवैध दवाओं की बरामदगी के बाद, आरोपी संचालक सरोज कुमार मिश्रा को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त दवाओं के नमूने विश्लेषण के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के अंतर्गत भी अदालत में परिवाद दाखिल किया जाएगा।
अभियान लगातार जारी रहेगा
सहायक आयुक्त बृजेश यादव ने कहा कि यह कार्रवाई उन गिरोहों पर सीधा प्रहार है जो मेडिकल व्यवसाय की आड़ में युवाओं में नशे की लत फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेशभर में कोडीनयुक्त कफ सिरप और नशीली श्रेणी की दवाओं के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और अवैध दवा व्यापारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read: ‘भाजपा बजट साफ़ कर रही, नदी नहीं’, लखनऊ में अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला

