भारतीय सिनेमा को बड़ा झटका, दिग्गज डांसर-अभिनेत्री मधुमती का 80 साल की उम्र में निधन

Sandesh Wahak Digital Desk: हिंदी फ़िल्म जगत से एक बेहद दुखद ख़बर सामने आई है। सिनेमा के सुनहरे दौर की जानी-मानी अभिनेत्री और अपनी बेहतरीन नृत्य कला के लिए मशहूर मधुमती का 80 साल की उम्र में बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की ख़बर से पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है।

अभिनेता विंदू दारा सिंह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए इस दुखद ख़बर की पुष्टि की है। विंदू ने एक्ट्रेस को याद करते हुए उन्हें “प्रेरणा” और “गुरु” का रूप बताया।

विंदू दारा सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा, वह सिर्फ़ एक शिक्षिका नहीं, बल्कि सैकड़ों कलाकारों के लिए प्रेरणा थीं। उन्होंने आगे ख़ुलासा किया कि मधुमती जी ने अक्षय कुमार, तब्बू और कई अन्य स्थापित कलाकारों को नृत्य सिखाया था। विंदू ने कहा कि उनके जैसी समर्पित कलाकार मिलना आज मुश्किल है।

हेलेन से होती थी तुलना, नृत्य था जीवन

30 मई, 1944 को मुंबई के पारसी परिवार में जन्मी मधुमती ने भरतनाट्यम, कथक, मणिपुरी और कथकली जैसी शास्त्रीय नृत्य शैलियों में महारत हासिल की थी। वह अक्सर कहा करती थीं कि उनके लिए नृत्य साँस लेने जैसा था।

1950-60 के दशक में जब हेलेन फ़िल्म इंडस्ट्री की सबसे मशहूर डांसर थीं, तभी मधुमती का करियर चमका। दोनों का लुक और डांस स्टाइल इतना मिलता-जुलता था कि उनकी अक्सर तुलना होती थी। जहाँ हेलेन ने कैबरे डांस को पहचान दी, वहीं मधुमती ने भारतीय पारंपरिक और फ़िल्मी डांस को नई ऊँचाई दी। उन्होंने कई पीढ़ियों को डांस सिखाया और आज भी उनके छात्र उन्हें अपना “गुरु” मानते हैं।

मधुमती ने सिर्फ़ 19 साल की उम्र में मनोहर दीपक से शादी की थी। अपने जीवन के अंतिम क्षणों तक नृत्य सिखाने वाली इस दिग्गज अदाकारा के निधन पर सोशल मीडिया पर इंडस्ट्री के दिग्गजों और चाहने वालों ने उन्हें ‘भारतीय सिनेमा की नृत्य-देवी’ बताते हुए श्रद्धांजलि दी है।

Also Read: बिहार चुनाव से पहले JDU को बड़ा झटका, प्रदेश महासचिव आसमां प्रवीण ने रोते हुए दिया इस्तीफा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.