‘इकरा हसन मेरी छोटी बहन, उनके साथ खड़ा हूं’, चंद्रशेखर आजाद का कैराना सांसद को समर्थन
Sandesh Wahak Digital Desk: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी (सपा) की कैराना सांसद इकरा हसन के समर्थन में बयान दिया है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इकरा हसन उनकी छोटी बहन हैं और उनके खिलाफ की गई बयानबाजी बेहद गलत है।
हाल ही में कैराना सांसद इकरा हसन ने एक कार्यक्रम में भावुक होते हुए पूर्व सांसद पर उन्हें ‘मुल्ली’ और ‘आतंकी’ कहने का गंभीर आरोप लगाया था और कहा था, “मेरा कसूर तो बता दो, इस तरह से मेरा और मेरे समाज का सिर दुनिया के सामने न झुकाया जाए।”
आजादी छीननी पड़ती है, एकजुट होकर करें संघर्ष
चंद्रशेखर आजाद ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आजादी मांगने से नहीं मिलती, बल्कि उसे छीनना पड़ता है, जिसका साक्षात उदाहरण मेरठ की क्रांति है। उन्होंने देश के नागरिकों से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
देश के मौजूदा हालात और बदलाव की चिंता
देश के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि राज्य के हालात में बदलाव होगा और सत्ता में भी परिवर्तन होगा। उन्होंने जोर दिया कि स्कूल-कॉलेज शिक्षा हासिल करने के लिए, अस्पताल उपचार के लिए और इबादतगाह इबादत करने के लिए हैं, और इन पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।
सांसद ने कहा कि विद्या के मंदिरों को राजनीति का अड्डा न बनने दिया जाए। उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर सरकार शिक्षा के मंदिरों में राजनीति की अनुमति देती है, तो कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तत्काल छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं और चुनाव कराए जाएं।
चंद्रशेखर आजाद ने आगे कहा कि नौजवानों, किसानों समेत सभी वर्गों के लिए आजाद समाज पार्टी एक मजबूत विकल्प के रूप में आगे खड़ी है।
Also Read: आज फतेहपुर दौरे पर राहुल गांधी, हरिओम वाल्मिकी के परिवार से करेंगे मुलाकात, प्रशासन अलर्ट

