यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों पर रूस का भीषण हमला, 300 से अधिक ड्रोन और मिसाइलें दागीं, 8 क्षेत्रों की बिजली गुल
Sandesh Wahak Digital Desk: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के माहौल में तनाव चरम पर पहुँच गया है। यूक्रेन के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि रूस ने रातभर यूक्रेन के ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाते हुए सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलों से भीषण हमला किया है। यह घातक हमला ऐसे समय पर किया गया है, जब आज अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच व्हाइट हाउस में एक बेहद महत्वपूर्ण मुलाकात होने वाली है।
300 ड्रोन और 37 मिसाइलों से वार
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के हमलों की तीव्रता बताते हुए कहा कि रूस ने रातभर में यूक्रेन पर 300 से ज़्यादा ड्रोन और 37 मिसाइलें दागीं। उन्होंने रूस पर क्लस्टर हथियारों का इस्तेमाल करने और ग्रिड की मरम्मत में लगे कर्मचारियों को जानबूझकर निशाना बनाने के लिए एक ही लक्ष्य पर बार-बार हमले करने का आरोप लगाया। जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर कहा, इस मौसम में, रूस हर दिन हमारे ऊर्जा ढांचे पर हमला कर रहा है।
इन हमलों के कारण यूक्रेन की राष्ट्रीय ऊर्जा संचालक कंपनी, यूक्रेनेर्गो ने बताया कि देश के 8 यूक्रेनी क्षेत्रों में बिजली काटनी पड़ी। राजधानी कीव की सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी, डीटीईके ने भी बिजली गुल होने की सूचना दी और कहा कि हमलों के कारण उन्हें मध्य पोल्टावा क्षेत्र में प्राकृतिक गैस निष्कर्षण रोकना पड़ा है।
जेलेंस्की करेंगे ट्रंप से हथियारों की मांग
माना जा रहा है कि आज होने वाली अहम वार्ता के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से और अधिक अमेरिकी वायु रक्षा प्रणाली की मांग करेंगे। ख़ास बात यह है कि यूक्रेन इस दौरान अमेरिका से लंबी दूरी की टॉमहॉक मिसाइलें भी मांग सकता है। राष्ट्रपति ट्रंप पहले ही इन मिसाइलों को यूक्रेन को देने के संकेत दे चुके हैं। इसके अलावा, जेलेंस्की मॉस्को पर कड़े अंतरराष्ट्रीय आर्थिक प्रतिबंध भी चाहते हैं।

