सोनभद्र में रेलवे ट्रैक पर शराब पीने से मना करने पर बवाल, RPF जवानों पर पथराव; चार पर FIR

सोनभद्र। जिले के सलइबनवा और गुरमुरा रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर गश्त कर रहे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों पर गुरुवार रात शराब पी रहे लोगों ने हमला कर दिया। आरोपितों ने जवानों के साथ मारपीट और पथराव किया, जिससे एक एएसआई सहित तीन जवान घायल हो गए। आरपीएफ रेणुकूट पर तैनात सिपाही विक्रम सिंह (निवासी बुल्हाड, देहरादून) ने शुक्रवार को चोपन थाना पुलिस को घटना की तहरीर दी।

क्या है मामला?

तहरीर के अनुसार, गुरुवार की रात करीब साढ़े दस बजे सिपाही विक्रम सिंह प्रधान आरक्षी रामसेवक यादव और आरक्षी रणवीर कुमार मिश्रा के साथ सलइबनवा से गुरमुरा रेलवे स्टेशन के बीच गश्त कर रहे थे। उन्होंने देखा कि अनिल कुमार गोड, लालता सिंह गोड, और सोनू कुमार गोड रेलवे पटरी पर बैठकर शराब पी रहे थे। जब जवानों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने जवानों पर पथराव भी किया, जिसमें एएसआई वंशीधर का पैर टूट गया। आरोपितों ने जवानों को जान से मारने की धमकी भी दी।

चार आरोपितों पर मुकदमा दर्ज

चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि आरपीएफ सिपाही की तहरीर पर कोटा ग्राम पंचायत के पटेहवा टोला निवासी चार व्यक्तियों अनिल कुमार गोड, लालता सिंह गोड, सोनू कुमार गोड और मुकेश कुमार गोड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों पर मारपीट, सरकारी कामकाज में बाधा डालने और सेवन सीएलए एक्ट (7 CLA Act) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

Also Read: जौनपुर में घनी आबादी के बीच अवैध पटाखा गोदाम पर छापा, दो क्विंटल से ज्यादा पटाखा बरामद; आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.