श्रावस्ती: मिस्बाह नर्सिंग होम का ऑपरेशन थियेटर सील, लगातार मिल रही थीं शिकायतें

इकौना (श्रावस्ती): कस्बे के उपाध्याय तालाब पर संचालित मिस्बाह नर्सिंग होम पर स्थानीय स्वास्थ्य प्रशासन ने शनिवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही अनियमितताओं की शिकायतों के बाद, सीएचसी अधीक्षक ने नर्सिंग होम के ऑपरेशन थियेटर को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद अस्पताल के मानकों को लेकर स्थानीय लोगों और मरीजों के बीच चर्चा तेज हो गई है।

छापेमारी में ऑपरेशन थियेटर सील

शनिवार दोपहर इकौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अधीक्षक डॉ. अवनीश तिवारी के नेतृत्व में मिस्बाह नर्सिंग होम पर छापेमारी की गई।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. तिवारी ने बताया कि नर्सिंग होम में गर्भवती महिलाओं के अवैध ऑपरेशन किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। छापेमारी के दौरान नर्सिंग होम में कोई भी अधिकृत चिकित्सक या पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं मिला। अस्पताल प्रबंधन की इस संवेदनहीनता को देखते हुए, टीम ने क्लीनिक में संचालित ऑपरेशन थियेटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

छापेमारी टीम में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अब्दुल हन्नान, वरिष्ठ लिपिक जेपी गौतम, दिवाकर शुक्ला सहित इकौना थाने के पुलिस कर्मी शामिल रहे।

एक साल पहले भी हो चुकी है सीलिंग की कार्रवाई

गौरतलब है कि मिस्बाह नर्सिंग होम पर यह पहली कार्रवाई नहीं है। प्रसव के लिए आई एक महिला की मौत के आरोप में 25 अगस्त 2024 को भी इस नर्सिंग होम को उप जिलाधिकारी इकौना की मौजूदगी में तत्कालीन सीएचसी अधीक्षक द्वारा सील किया जा चुका था। स्वास्थ्य मानकों का बार-बार उल्लंघन करने पर सवाल उठ रहे हैं।

रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा

 

Also Read: Bareilly News: धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर ADG, DIG और SSP ने किया संयुक्त पैदल गश्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.