मुंबई एयरपोर्ट पर 1.60 करोड़ का विदेशी सोना ज़ब्त, तस्करी में क्लीनिंग स्टाफ़ और सुपरवाइजर शामिल
Sandesh Wahak Digital Desk: सीमा शुल्क विभाग की खुफिया एजेंसी डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने सोने की तस्करी करने वाले एक बड़े और संगठित नेटवर्क का पर्दाफ़ाश किया है। ‘ऑपरेशन गोल्डन स्वीप’ के तहत कार्रवाई करते हुए, डीआरआई ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 1.2 किलोग्राम विदेशी सोना ज़ब्त किया है, जिसकी क़ीमत क़रीब 1.60 करोड़ रुपये आँकी गई है।
डीआरआई की मुंबई जोनल यूनिट (MZU) को ख़ुफ़िया जानकारी मिली थी कि कुछ अंतरराष्ट्रीय यात्री हवाई अड्डे के कर्मचारियों के साथ मिलकर तस्करी कर रहे हैं। सोने को विमान के अंदर छिपाया जाता था, जिसे बाद में एयरपोर्ट के सर्विस स्टाफ़ द्वारा बाहर पहुँचाया जाता था। सूचना के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर गुप्त निगरानी (Discreet Surveillance) शुरू की। यात्रियों के उतरने के बाद जब विमान की सफ़ाई चल रही थी, तभी डीआरआई ने कुछ सफ़ाई कर्मचारियों की व्यक्तिगत तलाशी शुरू की।
घबराकर छिपाया सोना, पकड़ी गई चोरी
तलाशी के दौरान, एक सफ़ाईकर्मी घबरा गया और एयरोब्रिज की सीढ़ियों पर चढ़कर सफ़ेद कपड़े में लिपटे एक पैकेट को कोने में छिपाकर वापस आ गया। डीआरआई टीम ने तुरंत उस जगह की तलाशी ली, जहाँ मोम जैसी परत में छिपा हुआ सोने का पाउडर बरामद हुआ। जाँच में पता चला कि यह सफ़ाईकर्मी एयरपोर्ट की एक सेवा कंपनी के क्लीनिंग स्टाफ़ का टीम लीडर था। पूछताछ में उसने क़ुबूल किया कि उसने तलाशी से बचने के लिए सोना छिपाया था। उसने यह भी बताया कि सोना विमान से निकालने का काम उसके सुपरवाइजर ने किया था।
सुपरवाइजर भी गिरफ्तार
आरोपी की पहचान के आधार पर डीआरआई ने तुरंत सुपरवाइजर को भी गिरफ़्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को कस्टम्स एक्ट 1962 के तहत गिरफ़्तार कर लिया गया है। जाँच में ख़ुलासा हुआ है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आने वाले यात्री विमान में ही विदेशी सोना छिपाकर छोड़ देते थे, जिसे बाद में एयरपोर्ट सर्विस स्टाफ़ के भरोसेमंद कर्मचारी बाहर निकालते थे। डीआरआई ने इस मामले को एयरपोर्ट की सुरक्षा और देश की अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर ख़तरा बताया है। मामले की आगे की जाँच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
Also Read: राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा बने माता-पिता, दिवाली से ठीक एक दिन पहले एक्ट्रेस ने दिया बेटे को जन्म

