Jhansi News: निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष की पत्नी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मां ने दामाद पर लगाए गंभीर आरोप

Jhansi News: झाँसी में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवकुमार रायकवार (एसके बाबा) की पत्नी नीलू रायकवार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नीलू रायकवार अपने पति से लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण अलग एक किराए के मकान में रह रही थीं। बुधवार को हुई इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जब नीलू की माँ ने उन्हें कई बार फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो वह सीधे उनके किराए के घर पहुँचीं। आस-पास के लोगों की मदद से पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर नीलू को फांसी के फंदे पर लटका देख सबके होश उड़ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका नीलू रायकवार की माँ ने रोते हुए मीडिया को बताया कि उनकी बेटी से रोज़ बात होती थी और वह बच्चों के लिए पटाखे और कपड़े भी ले गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नीलू का अपने पति से लगभग एक साल से विवाद चल रहा था। माँ ने दामाद शिवकुमार रायकवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, जब वह ससुराल में रहती थी तो पूरा परिवार उसके साथ मारपीट करता था। उसका पति अच्छा नहीं था, घर पर आकर लड़ता रहता था। उन्होंने यह भी कहा, मेरी लड़की बहुत दिलेर थी, वह ऐसा नहीं कर सकती। मुझे तो इंसाफ चाहिए।

माँ ने आगे दावा किया कि नीलू उन्हें बताती थी कि उनका पति दूसरी लड़कियों के साथ घूमता है और लड़कियों को रखे है। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे, और विरोध करने पर वह नीलू के साथ मारपीट भी करता था। दूसरी तरफ, जिलाध्यक्ष शिवकुमार रायकवार ने बताया कि उनका पत्नी से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह अलग रह रही थीं।

उन्होंने कहा, मैं बाहर था, मुझे लगभग 12 बजे खबर आई कि नीलू की तबीयत खराब हो गई है… लौटकर आया तो पता लगा कि मेरी पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी है।

रायकवार ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर टिप्पणी कर रहे राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्हें ऐसे दुख के समय में राजनीति नहीं करनी चाहिए। हालांकि, शिवकुमार रायकवार ने भी अपनी पत्नी की मौत को संदिग्ध बताते हुए कहा कि मुझे लगता है कि मेरी पत्नी को मार कर लटकाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके और नीलू के बीच आना-जाना और बातचीत होती रहती थी।

पुलिस का बयान

इस पूरे मामले पर सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या की जानकारी मिली है। आस-पास के लोगों से पता चला है कि उनका अपने पति से काफी दिनों से विवाद चल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Etawah News: जिला अस्पताल में नहीं मिला स्ट्रेचर, बीमार बेटी को कंधे पर उठाकर ले गए परिजन, वीडियो वायरल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.