Siddharthnagar News: 315 महिलाओं ने अपने बंधक भाइयों को तिलक कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की
Siddharthnagar News: उतर प्रदेश के जनपद जिला कारागार सिद्धार्थनगर में गुरुवार को भैया दूज का पर्व भावनात्मक वातावरण में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। यह अवसर बंदी भाइयों और मिलने आई बहनों के लिए अत्यंत हर्ष और संवेदना से भरा रहा। कुल 315 महिलाएँ अपने बंधक भाइयों से मिलने के लिए कारागार पहुँचीं। जहाँ प्रशासन द्वारा सुव्यवस्थित व्यवस्था के अंतर्गत बहनों ने अपने भाइयों का तिलक कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कारागार प्रशासन ने इस अवसर पर पूरे परिसर को सादगीपूर्ण तरीके से सजाया था। बहनों के स्वागत हेतु जलपान, प्रतीक्षा स्थल और बैठक व्यवस्था की विशेष तैयारी की गई थी। मुलाकात के समय का विस्तार किया गया ताकि सभी बहनें शांति और स्नेहपूर्वक अपने भाइयों से मिल सकें।
महिला बैरक में भी भैयादूज का उत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। बंदिनी बहनों ने भगवान श्रीगणेश और यमराज की पूजा अर्चना कर परिवार के सभी सदस्यों के मंगल की कामना की।

कारागार अधीक्षक सचिन वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि भैयादूज प्रेम, अपनत्व और संस्कारों का प्रतीक है। यह पर्व हमें पारिवारिक भावनाओं को सहेजने और समाज में मानवीय संबंधों की गरिमा को बनाए रखने की प्रेरणा देता है। आज यहाँ 315 बहनों का अपने भाइयों से मिलना इस बात का प्रमाण है कि प्रेम की डोर किसी दीवार से नहीं टूट सकती।

उन्होंने बताया कि ऐसे पर्व बंदियों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और भावनात्मक संतुलन लाते हैं। इससे उनके भीतर समाज से जुड़ने और सुधार की भावना प्रबल होती है। सभी ने बहनों और भाइयों को शुभकामनाएँ देते हुए मिठाई वितरण किया।

इस स्नेहिल अवसर पर जेलर रामसिंह यादव, डिप्टी जेलर महेश सिंह, डिप्टी जेलर अजीत चंद, तथा प्रभारी अभिषेक कुमार पाण्डेय सहित समस्त कारागार स्टाफ उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Sambhal News: सरफराज खान को टीम से बाहर करने पर नहीं थम रहा विवाद, सांसद बर्क ने भी साधा निशाना

