Hathras News: मंदिर में प्रसाद खाने से एक महिला की मौत, 12 लोग बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका

Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और दुखद मामला सामने आया है। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के माधुरी गाँव में मंदिर में प्रसाद खाने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि बच्चों समेत 12 से अधिक लोग बीमार पड़ गए हैं। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस ने शनिवार को इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीणों ने माधुरी गाँव के किनारे स्थित एक देवी मंदिर में मिठाई के डिब्बे रखे थे। त्योहारों के चलते इन मिठाइयों को प्रसाद के तौर पर चढ़ाया गया था।

पेट दर्द और उल्टी की शिकायत

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जैसे ही ग्रामीणों ने यह मिठाई खाई, लगभग 12 से 15 लोगों को पेट में तेज़ दर्द, उल्टी और दस्त होने लगे। पीड़ितों में से एक मुन्नी देवी (55) की शनिवार सुबह मौत हो गई। अन्य बीमार लोगों को तुरंत आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज और सिकंदराराऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

सिकंदराराऊ के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जे एन अस्थाना ने बताया कि माधुरी गांव में मंदिर पर प्रसाद चढ़ाया गया था। उन्होंने आशंका जताई कि संभवतः खराब प्रसाद के कारण फूड पॉइजनिंग (खाद्य विषाक्तता) हुई, जिससे ग्रामीण बीमार पड़ गए और एक महिला की जान चली गई।

सीओ ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि मंदिर में चढ़ाई गई मिठाइयां खराब हो गई थीं। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश है और वे सवाल उठा रहे हैं कि भक्तों को प्रसाद खिलाने से पहले मिठाइयों को अच्छी तरह से क्यों नहीं जांचा गया।

Also Read: हास्य अभिनेता सतीश शाह का निधन, ‘जाने भी दो यारो’ से मिली थी जबरदस्त लोकप्रियता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.