Mau News: मकान में सेंध लगाकर 35 लाख के आभूषण चोरी, खेत में मिली खाली संदूक

Sandesh Wahak Digital Desk: मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र की ग्रामसभा केवलापुर में शनिवार की रात चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर लगभग ₹35 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और कीमती सामान चोरी कर लिया। इतनी बड़ी चोरी की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार केवलापुर निवासी घनश्याम यादव अपने परिवार के साथ रात में घर में सो रहे थे। रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर की पिछली दीवार में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश कर लिया। चोरों ने पूरे घर को खंगाला और तीनों बहुओं के रखे हुए तीन संदूक उठा लिए, जिनमें भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने रखे थे।

खाली संदूक धान के खेत में फेंके मिले

सुबह जब परिवार जागा और संदूक गायब मिले, तो तत्काल खोजबीन शुरू की गई। घर से करीब 500 मीटर दूर धान के खेत में तीनों संदूक खाली अवस्था में पड़े मिले। संदूक के साथ कपड़े और कुछ अन्य बिखरा हुआ सामान मिला।

बताया जा रहा है कि चोर लगभग ढाई सौ ग्राम सोना और तीन किलो चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए हैं। चोरी गए सामानों में सोने के मंगलसूत्र, हार, मांगटीका, अंगूठी, कड़ा सहित 12 जोड़ी चांदी के कड़े और अन्य जेवर शामिल हैं।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कोपागंज रवींद्र राय पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा, लेकिन इस बड़ी चोरी से क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश व्याप्त है।

Also Read: आजमगढ़ में खूनी संघर्ष: मेड़ काटने के विवाद में फावड़े से काटकर युवक की हत्या, चार पर केस दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.