लखनऊ: रेलवे अस्पताल के CCU वार्ड में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से सर्वर रूम जलकर खाक
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के आलमबाग स्थित मंडलीय रेलवे चिकित्सालय में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से अस्पताल में अफरातफरी मच गई। सर्वर रूम से शुरू हुई आग के कारण पूरे ग्राउंड फ्लोर पर धुआं फैल गया, जिससे क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती मरीजों का दम घुटने लगा।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 5 बजे भूतल पर बने सर्वर रूम से अचानक धुआँ उठने लगा। प्राथमिक तौर पर यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। सर्वर उपकरणों और सीसीटीवी की वायरिंग तेजी से आग की चपेट में आ गई, जिससे धुआँ पूरे ग्राउंड फ्लोर पर फैल गया और फायर अलार्म बजने लगे।
मरीजों को सुरक्षित निकाला गया
अचानक धुएं और लपटों के कारण अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। CCU वार्ड में भर्ती 12 से अधिक मरीजों को सांस लेने में मुश्किल होने लगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के ज़रिए सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें अस्थाई रूप से दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया, जहाँ ऑक्सीजन सपोर्ट और मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई।
बड़ा हादसा टला
अस्पताल कर्मियों द्वारा सूचना देने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुँचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। फायर अधिकारियों ने बताया कि सर्वर रूम की वायरिंग पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई।
मंडलीय रेलवे चिकित्सालय प्रबंधन ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है और कहा है कि हादसे के सटीक कारणों की तकनीकी जाँच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Also Read: लखनऊ: पूर्व DGP के घर लाखों की चोरी, जेवर-कैश और सीसीटीवी का DVR भी उखाड़ ले गए चोर

