रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से मचाई तबाही, पूरे देश में ब्लैकआउट की स्थिति
Sandesh Wahak Digital Desk: रूस ने एक बार फिर यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढाँचे (एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर) को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। इन हमलों के कारण गुरुवार को पूरे यूक्रेन में बिजली गुल हो गई है और देश अंधेरे में डूब गया है। अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में रूस द्वारा किए गए सबसे बड़े हमलों में से यह एक है।
रूसी सेना के इस हमले के बाद यूक्रेन बुरी तरह भड़क गया है। यूक्रेनी प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीडेंको ने रूस की इस रणनीति को व्यवस्थित ऊर्जा आतंक करार दिया। इन भीषण हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हुए हैं। कड़ाके की सर्दी की शुरुआत के साथ ही रूस लगातार यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुँचा रहा है, जिससे पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने इस हमले में 650 से अधिक ड्रोन और 50 से ज्यादा विभिन्न प्रकार की मिसाइलें दागीं। बिजली आपूर्ति में इस बड़े व्यवधान के कारण पानी, सीवेज और हीटिंग सिस्टम जैसी केंद्रीकृत सार्वजनिक सेवाएँ भी ठप हो गई हैं।
प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीडेंको ने रूस पर निशाना साधते हुए कहा, रूस अपना व्यवस्थित ऊर्जा आतंक जारी रखे हुए है और सर्दियाँ शुरू होते ही यूक्रेनवासियों के जीवन और गरिमा पर प्रहार कर रहा है। उसका लक्ष्य यूक्रेन को अंधकार में डुबोना है, हमारा लक्ष्य प्रकाश बरकरार रखना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस आतंक को रोकने के लिए यूक्रेन को और अधिक वायु रक्षा प्रणालियों, मॉस्को के खिलाफ कड़े प्रतिबंधों और रूस पर अधिकतम दबाव बनाने की आवश्यकता है।
Also Read: सियासी दोस्ती या रणनीति? योगी के मंत्री ने मायावती को सराहा, अखिलेश के ‘झूठे PDA’ पर बोला हमला

