Lucknow News: दबंगों ने जमीन विवाद में दो भाइयों को पीटा, खुलेआम फायरिंग कर फैलाई दहशत, 35 लोगों पर FIR दर्ज

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में बीती रात असलहाधारी दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। एक जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों की बेरहमी से पिटाई की गई, और इसके बाद आरोपियों ने खुलेआम फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आईं महिलाओं से भी अभद्रता की गई और उनके साथ मारपीट की गई।

स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक हमलावर को असलहे समेत मौके पर ही पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, पीड़ित पक्ष का गंभीर आरोप है कि पारा पुलिस ने आरोपी से मिलीभगत कर कुछ देर बाद उसे छोड़ दिया।

35 लोगों के खिलाफ हुआ मुकदमा

पीड़ित परिवार ने पुलिस के रवैये से नाराज होकर संयुक्त पुलिस आयुक्त (JCP) से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। फायरिंग और असलहा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने अंततः 35 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश

पुलिस के अनुसार, आलमनगर के मुराऊ टोला निवासी नरेश कुमार मौर्या का पारा में एक जमीन विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि मीरा देवी, उनके बेटे आकाश व उमाशंकर समेत अन्य लोगों ने फर्जी विक्रय विलेख बनवाकर देर रात करीब 12:30 बजे जेसीबी और कई गाड़ियों के साथ विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश की।

शिकायत के मुताबिक, असलहों से लैस विपक्षियों ने उनके भतीजे विपिन मौर्या व हर्षित मौर्या पर सीधे फायर किया और मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान महिलाओं ने बीच-बचाव किया तो हमलावरों ने उनके साथ अभद्रता की। महिलाओं का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जमीन पर गिराकर कपड़े फाड़े और गालियाँ दीं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के जरिये अन्य हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

Also Read: पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने बोले- सीमा पार से आतंकवाद बर्दाश्त नहीं होगा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.