Siddharthnagar News: फरार दो सिपाही 11 दिन बाद मनाली से गिरफ्तार, एसपी ने घोषित किया था 25- 25 हजार रुपये का इनाम
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में फरार चल रहे मोहाना थाना के चार सिपाहियों में से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिद्धार्थनगर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर इन दोनों सिपाहियों को हिमाचल प्रदेश के मनाली से दबोचा है।
गिरफ्तार सिपाहियों की पहचान राजन सिंह और मनोज यादव के रूप में हुई है। पुलिस टीम दोनों को लेकर सिद्धार्थनगर के लिए रवाना हो चुकी है और देर शाम तक उनके जिले में पहुँचने की संभावना है।
क्या है पूरा मामला
यह पूरा मामला कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर (चंपापुर) निवासी रजनीश पटेल पर हुए जानलेवा हमले से जुड़ा है।
घटना का दिन: 22 अक्टूबर की रात को रजनीश पटेल कूड़ा नदी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस लेकर जा रहे थे।
विवाद की शुरुआत: जुलूस जब बर्डपुर स्थित एक मैरेज हॉल के पास रुका था, तभी मोहाना थाना के चार सिपाही— मनोज यादव, मंजीत सिंह, अभिषेक गुप्ता और राजन सिंह वहाँ पहुँचे और प्रतिमा रुकवाने का कारण पूछा।
हमले का आरोप: रजनीश के जवाब देने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चारों सिपाहियों ने रजनीश को जबरन बाइक पर बैठाया और ले गए। कुछ देर बाद, रजनीश ऊंची पेट्रोल पंप के पास बेहोशी की हालत में पड़े मिले। परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया।
डीआईजी ने किया था निलंबित, 7 टीमें कर रहीं थी तलाश
रजनीश के भाई अवनीश पटेल की तहरीर पर चारों सिपाहियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी ने जाँच के बाद मोहाना थाना अध्यक्ष और चारों सिपाहियों को निलंबित कर दिया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कुल सात पुलिस टीमें गठित की गई थीं। जाँच में पुलिस को सूचना मिली कि दो आरोपी सिपाही मनोज यादव और राजन सिंह मनाली में छिपे हुए हैं, जिसके बाद शनिवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया गया।
एएसपी सिद्धार्थनगर प्रशांत कुमार प्रसाद ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि शेष दो सिपाहियों (मंजीत सिंह और अभिषेक गुप्ता) की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: किंग खान 60 के हुए, जन्मदिन पर जानिए टिकट बेचने से लेकर बॉलीवुड के शिखर तक शाहरुख खान का सफर

