बिहार चुनाव: दरभंगा में सीएम योगी के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, ‘बुलडोजर बाबा’ के नारों से गूंजा मिथिला धाम
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान से ठीक पहले, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो के दौरान दरभंगा में भारी जनसमूह उमड़ पड़ा। लोहिया चौक से मछली चौक तक चले इस भव्य रोड शो में लोगों का उत्साह चरम पर था, जो आगामी चुनाव में एनडीए गठबंधन के प्रति समर्थन दर्शाता है।
सड़क के दोनों ओर और छतों पर खड़े लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ज़ोरदार स्वागत किया। भीड़ ‘योगी-योगी’, ‘जय श्री राम’, ‘भारत माता की जय’, ‘माता जानकी की जय’, ‘हर हर महादेव’ और खास तौर पर ‘बुलडोजर बाबा जिंदाबाद’ जैसे नारों से जोश भर रही थी।
हाथों में कमल का निशान और झंडे थामे लाखों लोग रोड शो में शामिल हुए और ‘एनडीए गठबंधन जिंदाबाद’ तथा ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। कई स्थानों पर लोगों ने सीएम योगी पर फूल बरसाए और फुलझड़ियां व पटाखे जलाकर उनका स्वागत किया।
योगी आदित्यनाथ का संबोधन
जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दरभंगा नगरवासियों, विशेषकर युवाओं और सामाजिक संगठनों ने जो उत्साह दिखाया है, वह अभिभूत करने वाला है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा “बिहार में सुशासन की सुदृढ़ नींव पर एक समृद्ध और विकसित बिहार के निर्माण के लिए एनडीए की सरकार फिर से आए। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने संजय जी को फिर से अपना प्रत्याशी बनाया है। आप सभी लोग संजय जी को अपना आशीर्वाद देकर एनडीए की सरकार बनाने में अपना योगदान दें।”
सीएम योगी ने अंत में ‘सियावर रामचंद्र की जय’ और ‘मां जानकी की जय, जय श्री राम’ के नारे लगाकर जनता में जोश भर दिया।
Also Read: Bareilly News: अनुप्रिया पटेल बोलीं- 30 वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी ‘अपना दल-एस’

