हरियाणा में हर 8 में से 1 वोटर फर्जी, राहुल गांधी ने H फाइल्स जारी कर वोट चोरी का लगाया गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने वोट चोरी का गंभीर मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि हरियाणा में बड़े पैमाने पर फर्जी मतदाता हैं, जिनकी संख्या 25 लाख से ज़्यादा है। राहुल गांधी ने इस पूरे मामले को एच फाइल्स नाम दिया।

एच फाइल्स के बड़े और चौंकाने वाले खुलासे

राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके पास पुख्ता सबूत हैं कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव में बड़े स्तर पर धांधली हुई है। राहुल गांधी ने कहा, हमारे पास स्पष्ट सबूत हैं कि हरियाणा में 25 लाख मतदाता (25,41,144) फर्जी हैं। या तो वे मौजूद नहीं हैं, या वे डुप्लिकेट हैं, या किसी के भी वोट डालने के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने कहा, इसका मतलब है कि हरियाणा में हर 8 में से 1 मतदाता फर्जी है।

राहुल ने एक चौंकाने वाला उदाहरण पेश करते हुए एक महिला की तस्वीर दिखाई और दावा किया कि यह तस्वीर एक ब्राजीलियन मॉडल की है, जिसका इस्तेमाल वोटर लिस्ट में किया गया। इस फोटो के जरिए 22 बार अलग-अलग बूथों पर वोट डाला गया, जिसके नाम सीमा, स्वीटी और सरस्वती जैसे अलग-अलग हैं। उन्होंने कहा, यह एक केंद्रीकृत ऑपरेशन है।

राहुल ने वोटर लिस्ट दिखाते हुए कहा कि एक महिला दो मतदान केंद्रों पर 223 बार मतदान करती दिख रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से सवाल पूछा कि इस महिला ने असल में कितनी बार वोट किया। उन्होंने डालचंद नामक एक भाजपा सरपंच का उदाहरण दिया, जिसका वोटर आईडी कार्ड उत्तर प्रदेश और हरियाणा, दोनों राज्यों में है।

सरकार वैध रूप से नहीं, चुराई गई है

राहुल गांधी ने हरियाणा के चुनाव नतीजों का उदाहरण दिया, जहाँ कांग्रेस सिर्फ 22,779 वोटों से चुनाव हार गई। उन्होंने एग्जिट पोल्स का हवाला दिया जो कांग्रेस की जीत दिखा रहे थे, और कहा कि डाक से वोट पहली बार वास्तविक मतदान से अलग थे। राहुल ने कहा, हमें पूरा यकीन है कि कांग्रेस की भारी जीत को हार में बदलने की योजना बनाई गई थी।

उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, हम भारत के लोगों को यह स्पष्ट कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री वैध रूप से सरकार में नहीं हैं, हरियाणा के मुख्यमंत्री वैध रूप से सरकार में नहीं हैं, सरकार चुरा ली गई है।

चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह जानबूझकर डुप्लीकेट तस्वीरें नहीं हटा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग एक सेकंड में यह काम कर सकता है, लेकिन वे ऐसा नहीं करते क्योंकि वे भाजपा की मदद कर रहे हैं। राहुल ने अपनी बात को 100% सबूत के साथ उठाने का दावा किया और कहा कि यह मुद्दा देश के युवाओं और उनके भविष्य से जुड़ा है।

Also Read: Bahraich News: लखनऊ-नेपालगंज हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार 4 लोगों को रौंदा, चारों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.