बिहार में वोटिंग से पहले RJD को लगा झटका, दिग्गज नेता सुरेश मेहता ने पार्टी छोड़ थामा NDA का दामन
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीति में पहले चरण के मतदान से पहले एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सुरेश मेहता ने वर्षों पुराना साथ तोड़कर अब एनडीए (NDA) का दामन थाम लिया है। राजद के लिए इसे एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
एनडीए कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुरेश मेहता ने औपचारिक रूप से भाजपा नेताओं की मौजूदगी में एनडीए में शामिल होने की घोषणा की।
पार्टी की दिशा से निराश हूँ
एनडीए ज्वाइन करने के बाद सुरेश मेहता ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, मैंने पूरे समर्पण के साथ काफ़ी वर्ष तक राजद की सेवा की और महागठबंधन के प्रत्याशियों को जीत दिलाने में भूमिका निभाई, लेकिन अब पार्टी की दिशा और सोच से निराश हूँ।
उन्होंने ऐलान किया कि अब वे बिहार में चल रही परिवर्तन और विकास की बयार को और तेज करना चाहते हैं। मेहता ने ज़ोर देकर कहा कि वे औरंगाबाद से एनडीए प्रत्याशी त्रिविक्रम सिंह की भारी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताक़त से काम करेंगे।
सुरेश मेहता के शामिल होने से एनडीए कार्यालय में भाजपा और सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा। भाजपा नेत्री निवेदिता सिंह, ज़िला अध्यक्ष विजेंद्र कुमार सिंह सहित एनडीए के पाँचों घटक दलों (भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), रालोमो, हम पार्टी) के कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान, 7 नवंबर को औरंगाबाद ज़िले के देव मोड़ पर होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा की तैयारियों को लेकर भी रणनीति बनाई गई। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि औरंगाबाद की राजनीति में मेहता का यह कदम गेम चेंजर साबित हो सकता है और आगामी विधानसभा चुनाव में समीकरण बदल सकता है।
Also Read: जौनपुर: डिवाइडर तोड़कर ट्रक से टकराया डीसीएम, चालक व खलासी की दर्दनाक मौत

