बसपा सुप्रीमो मायावती आज भभुआ में करेंगी जनसभा, एक रैली से पूरे बिहार चुनाव को साधने की कोशिश

Sandesh Wahak Digital Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए आज (गुरुवार) को कैमूर जिले के भभुआ में एक बड़ी चुनावी जनसभा करेंगी। पहले चरण के मतदान के दिन हो रही यह जनसभा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि बसपा प्रमुख इस बार एक ही बड़ी रैली के माध्यम से पूरे प्रदेश के चुनाव को साधने की कोशिश करेंगी।

भभुआ में क्यों है फोकस?

बसपा प्रमुख की जनसभा दोपहर में भभुआ हवाई पट्टी के पास स्थित मैदान में होगी। कैमूर जिला बसपा के लिए अन्य क्षेत्रों से ज्यादा मज़बूत माना जाता है। इस ज़िले की चार विधानसभा सीटें भभुआ, मोहनियां, रामगढ़ और चैनपुर पर पार्टी ने उम्मीदवार उतारे हैं, और पूर्व में पार्टी प्रत्याशी यहाँ जीत भी हासिल कर चुके हैं।

रैली में भीड़ जुटाने के लिए पिछले कई दिनों से तैयारी चल रही है। संभावना है कि कैमूर के साथ-साथ आसपास के अन्य विधानसभा क्षेत्रों से भी पार्टी समर्थक सभा में शामिल होंगे।

बसपा का चुनावी गणित

बसपा ने इस बार बिहार में अकेले ही सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया था। हालांकि, पार्टी ने ज्यादातर सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन विभिन्न कारणों से बड़ी संख्या में नामांकन रद्द होने के कारण अब लगभग 190 उम्मीदवार ही मैदान में हैं।

चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए मायावती ने अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के साथ राष्ट्रीय समन्वयक एवं राज्यसभा सदस्य रामजी गौतम और अनिल सिंह जैसे नेताओं को भी लगा रखा है।

पहले चरण के लिए गुरुवार को ही मतदान हो रहा है, जबकि दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। ऐसे में मायावती की यह एकमात्र बड़ी जनसभा शेष चरणों के लिए भी पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का काम करेगी।

Also Read: बिहार चुनाव 2025: पहले चरण की वोटिंग शुरू, तेजस्वी-सम्राट समेत 121 दिग्गजों की किस्मत दांव पर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.