गोंडा: हिरासत में मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, 2 दरोगा समेत 3 आरपीएफ कर्मी निलंबित
Sandesh Wahak Digital Desk: गोंडा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र के किनकी गांव निवासी युवक संजय सोनकर की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की हिरासत में मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रथमदृष्टया लगे आरोपों के आधार पर आरपीएफ के दो उपनिरीक्षक (दरोगा) और एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन और जांच
उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक करण सिंह यादव और कांस्टेबल अमित कुमार यादव। आरपीएफ के डीआईजी चंद्रमोहन मिश्र ने पुष्टि की कि यह कार्रवाई प्राथमिक तौर पर लगे आरोपों के चलते की गई है, और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
मामले का घटनाक्रम
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे आरपीएफ ने संजय सोनकर को चोरी के आरोप में हिरासत में लिया था। आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ के दौरान संजय की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार को मृतक के भाई राजू सोनकर ने आरपीएफ कर्मियों पर हिरासत के दौरान पिटाई कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इस आधार पर कोतवाली नगर में तीनों आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरकार ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए, केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के प्रतिनिधि राजेश सिंह ने गुरुवार को किनकी गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह से गंभीर है और परिजनों को हर संभव न्याय दिलाया जाएगा।
Also Read: Bulandshahr News: पुलिस मुठभेड़ में 10 हजार के इनामी बदमाश साजिद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

