‘राहुल गांधी हर बार ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हैं, वह खुद…’, मंत्री नंद गोपाल नंदी का बड़ा बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सुल्तानपुर में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुँचे मंत्री नंदी ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी दो बार ऐसे आरोप उठा चुके हैं और उन पर तंज कसते हुए कहा कि “वह सुबह कुछ करते हैं, दोपहर कुछ करते हैं और शाम कुछ करते हैं।”
योगी सरकार की उपलब्धियों पर ज़ोर
मंत्री नंदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जमकर सराहना की। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े आठ साल से प्रदेश में गुंडे और माफियाओं का लगातार सफाया किया जा रहा है और ऐसे अपराधियों को कड़ी सज़ा दी जा रही है।
मंत्री नंदी ने कहा कि इस सख़्त कार्रवाई का परिणाम यह है कि उत्तर प्रदेश में उद्योगों में निवेश लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आम जनता, व्यापारी और नागरिक भयमुक्त होकर अपना जीवन और व्यवसाय चला सकें।
कानून तोड़ने वालों को सख़्त सज़ा
मंत्री नंदी ने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेगा, उसे कड़ी से कड़ी सज़ा मिलेगी। अधिवक्ता आज़ाद अहमद हत्याकांड के मुख्य आरोपी के दो साल से फरार होने के सवाल पर मंत्री नंदी ने कहा कि उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का मत है कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को निश्चित रूप से सज़ा मिलेगी।
Also Read: आजमगढ़ में डॉक्टर पर हमले का मामला, चौकी प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई

