Gen-Z को संविधान की रक्षा करनी है, पूर्णिया में बोले राहुल गांधी, लाखों वोट काटे गए
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को बिहार के पूर्णिया में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए एक बार फिर वोट चोरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर सीधा हमला बोलते हुए दावा किया कि वह इस चुनाव में धांधली की कोशिश करेगी, जिसे रोकना युवाओं की ज़िम्मेदारी है।
राहुल गांधी ने मतदाताओं को सावधान करते हुए कहा कि बिहार में लाखों लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं, जिनमें मुख्य रूप से महागठबंधन के वोटर शामिल थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग ‘चुनाव चोरी’ करने की पूरी कोशिश करेंगे, इसलिए Gen-Z (युवा पीढ़ी) और सभी मतदाताओं को पोलिंग बूथ पर सावधान रहना है।
राहुल गांधी ने ज़ोर देकर कहा, हमें चुनाव चोरी करने वालों को रोकना है और ये हमारी ज़िम्मेदारी है। युवाओं को संविधान की रक्षा करनी है। उन्होंने हरियाणा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि बीजेपी हर जगह ‘वोट चोरी’ के दम पर चुनाव जीत रही है, लेकिन बिहार में हमें इसे किसी भी कीमत पर होने नहीं देना है।
शिक्षा पर महागठबंधन की गारंटी
राहुल गांधी ने बिहार की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगर राज्य में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो उनका मुख्य फोकस शिक्षा पर होगा। उन्होंने कहा कि सरकार विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के विकास पर विशेष ध्यान देगी, जिससे बिहार को अपना खोया हुआ गौरव (नालंदा विश्वविद्यालय जैसा) वापस मिल सके। उन्होंने युवाओं के दर्द को छूते हुए कहा कि आज ईमानदारी से पढ़ने वाले युवा को पेपर लीक का सामना करना पड़ता है। उन्होंने वादा किया कि दिल्ली में इंडी गठबंधन की सरकार बनते ही बिहार में बेहतरीन विश्वविद्यालय बनाए जाएँगे।
Also Read: ‘राहुल गांधी हर बार ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हैं, वह खुद…’, मंत्री नंद गोपाल नंदी का बड़ा बयान

