‘अमरोहा न आएं, वरना रमेश बिधूड़ी वाला हाल होगा’, पूर्व सांसद दानिश अली को मिली धमकी
Sandesh Wahak Digital Desk: अमरोहा के पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता कुंवर दानिश अली को सोशल मीडिया पर लगातार धमकियां मिल रही हैं। एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से उन्हें अमरोहा न आने की चेतावनी दी गई है, साथ ही यह भी कहा गया है कि अगर उन्होंने “समाज के खिलाफ षड्यंत्र” बंद नहीं किया तो अंजाम बुरा होगा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने में शिकायत दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
धमकी में रमेश बिधूड़ी का हवाला
यह विवाद पूर्व सांसद दानिश अली और कांग्रेस नेता सचिन चौधरी के बीच चल रही जुबानी तकरार के बाद शुरू हुआ है, जिसके चलते उनके समर्थक सोशल मीडिया पर आमने-सामने आ गए हैं।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव शमीम अय्यूब ने बताया कि बृहस्पतिवार को कुलदीप पोसवाल नाम की फेसबुक आईडी से दानिश अली को चेतावनी दी गई। पोस्ट में लिखा गया कि “वह हमारे समाज के खिलाफ षडयंत्र रच रहे हैं, जिसे वह बंद कर दें। वरना जो हाल रमेश बिधूड़ी ने किया था उससे भी बुरा हाल हमारा समाज कर देगा।”
धमकी देने वाले ने यह भी कहा कि “उनकी दुश्मनी रमेश बिधूड़ी से तो उन्हीं से रखें, वरना अमरोहा में इंट्री भी नहीं होने दी जाएगी।” बुधवार को दिल्ली निवासी अभिषेक पांडे के धमकी भरे कमेंट के बाद यह लगातार दूसरे दिन मिली धमकी है।
पुलिस और नेताओं की प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। साइबर सेल टीम दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है। तो वहीं इस पूरे मामले पर एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि दोनों धमकियों के मामलों की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूर्व सांसद दानिश अली ने इस मामले में फिलहाल कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।
Also Read: बिहार चुनाव: यूपी सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 7,409 लीटर अवैध शराब जब्त; 200 से ज्यादा तस्कर गिरफ्तार

