‘भूमाफिया होता तो लखनऊ में कोठी होती’, आजम खां का बड़ा बयान, PM के ‘कट्टा वाले बयान’ पर भी तंज़
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां गुरुवार को राजधानी लखनऊ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से खुलकर बात की और राजनीतिक व व्यक्तिगत मुद्दों पर बयान दिए। उन्होंने अपने ऊपर लगे भूमाफिया के आरोपों का खंडन किया और प्रधानमंत्री के ‘कट्टा’ वाले बयान पर भी तंज़ कसा।
भूमाफिया आरोपों पर जवाब
आजम खां ने कहा कि 50 साल की लंबी सियासत के बावजूद लखनऊ में उनकी कोई कोठी नहीं है, फिर भी उन्हें भूमाफिया घोषित किया जा रहा है। उन्होंने तंज़ कसते हुए कहा “मैं भूमाफिया होता तो लखनऊ में मेरे पास भी कोठी होती। रामपुर में जहां रहता हूं, बारिस में पानी भर जाता है।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “सवाल मत पूछिए, उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था बेहतर है।”
PM के ‘कट्टा’ वाले बयान पर तंज़
प्रधानमंत्री द्वारा बिहार में ‘कट्टा’ को लेकर दिए गए बयान पर आजम खां ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “हमारे यहां तो कट्टे बेचने वाले का बेटा विधायक बना और उसे कमांडो मिले हैं। 1975 में जो कट्टे के ड्रम के साथ गिरफ्तार हुआ, वह खुद विधायक बना और उसका बेटा आज विधायक है।” यह तंज़ उन्होंने स्पष्ट रूप से रामपुर के भाजपा विधायक आकाश सक्सेना पर कसा, जिनकी एफआईआर पर वह, उनकी पत्नी और बेटे जेल गए थे।
बिहार और गिरिराज सिंह पर टिप्पणी
उन्होंने कहा कि बिहार में आज भी जंगलराज है, जिसके चलते वह वहाँ चुनाव प्रचार करने नहीं गए। उन्होंने कहा कि “जानवरों से लड़ने और जिनके पास सक्षम हथियार हैं, वही लोग वहां गए। उनके पास कोई सुरक्षा नहीं है।” उन्होंने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर कहा कि बिहार पाकिस्तान नहीं है, और आज उन्हें इस पर सफ़ाई क्यों देनी पड़ रही है।
पुस्तक विमोचन और मुलाकात
आजम खां ने लखनऊ के एक होटल में हैदर अब्बास की लिखी पुस्तक ‘सीतापुर की जेल डायरी’ का विमोचन किया। इस दौरान उनसे मुलाकात करने वालों में पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा और मुख्तार अंसारी के बड़े भाई पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह शामिल रहे।
Also Read: राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष: भाजपा मनाएगी उत्सव, प्रदेश के 18 स्थानों पर सामूहिक गायन

